Congress: मॉनसून सत्र के पहले चरण में हिस्सा नहीं लेंगी सोनिया, इलाज के लिए राहुल के साथ अमेरिका रवाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार से शुरू होने वाले मॉनसून सत्र में शामिल नहीं हो सकेंगी। वे शनिवार को इलाज के लिए अमेरिका रवाना हो गई हैं। सोनिया के साथ उनके बेटे कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी गए हैं। कांग्रेस के नवनियुक्त महासचिव सुरजेवाला ने ट्वीट कर कि कांग्रेस अध्यक्ष अपना रुटीन चेक-अप कराने के लिए 2 सप्ताह के लिए गई हैं। राहुल गांधी अगले हफ्ते तक लौट आएंगे। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दोनों वापस आने के बाद संसद के सत्र में शामिल होंगे। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के सात और भाजपा के एक सांसद भी सत्र में शामिल नहीं होंगे।
बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी ने संसदीय रणनीति समूह के साथ बैठक की है, जिसमें उन मुख्य मुद्दों को उठाया है जो राष्ट्र को प्रभावित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने दोनों सदनों में बेहतर समन्वय के लिए स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया था। इस फेरबदल में सबसे बड़ा फायदा राहुल गांधी के वफादार रणदीप सिंह सुरजेवाला को हुआ है। सुरजेवाला अब कांग्रेस अध्यक्ष को सलाह देने वाली उच्च स्तरीय छह सदस्यीय विशेष समिति का हिस्सा हैं। साथ ही सुरजेवाला को कांग्रेस का महासचिव भी बनाया गया है। मधुसूदन मिस्त्री को केंद्रीय चुनाव समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। प्रियंका गांधी को यूपी का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा केसी वेणुगोपाल को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।
मॉनसून सत्र में ये कांग्रेस नेता भी नहीं होंगे शामिल
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगदी की कोरोना रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई थी। वह सत्र में शामिल नहीं हो सकेंगे। वहीं, राज्यसभा के चीफ व्हिप शुखेंदु शेखर राय समेत सात टीएमसी सांसदों ने सत्र में शामिल न होने का निर्णय किया है। इनमें सुदीप बंदोपाध्याय, शिशिर अधिरारी, चौधरी मोहन जटुआ सत्र में मौजूद नहीं रहेंगे। सुब्रत बख्शी, मानस भुइया और शुभाशीष चक्रवर्ती भी राज्यसभा की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेंगे।
कोरोना के कारण बदला हुआ रहेगा संसद सत्र
बता दें कि संसद के मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार से होनी है। कोरोना वायरस महामारी के कारण इस बार संसद सत्र पहले से काफी बदला हुआ रहेगा। सत्र के दौरान संसद परिसर में मौजूद रहने वाले व्यक्तियों के लिए विशेष नियम बनाए गए हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी कह चुके हैं कि इस बार सत्र चुनौतीपूर्ण रहेगा।
Created On :   12 Sept 2020 11:22 PM IST