विपक्षी पार्टियों के नेताओं को राहुल की यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस ने भेजा न्यौता

- सियासी राजनीति में खलबली
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोडो यात्रा में शामिल करने के लिए कांग्रेस समान विचार धारा वाली पार्टियों के नेताओं को निमंत्रण भेज रही है। इस कड़ी में कांग्रेस ने बहुजन समाजवादी पार्टी की मुखिया मायावती, सपा चीफ अखिलेश यादव, उनके चाचा शिवपाल यादव,आरएलडी जयंत चौधरी को यात्रा में शामिल होने के लिए न्यौता भेजा है। यूपी में यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ-साथ प्रियंका गांधी भी कदमताल करते हुए चलेगी। आपको बता दें इससे पहले यात्रा के प्रदेश समन्वयक पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने पिछले दिनों बताया था कि यात्रा किसी पार्टी की नहीं बल्कि पूरे देश की है और इसमें विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश इकाई के कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव, सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव, बीएसपी चीफ मायावती और आरएलडी के अध्यक्ष जयंत चौधरी को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल करने के लिए सोमवार को निमंत्रण भेजा है। प्रवक्ता अशोक सिंह ने आगे बताया कि कांग्रेस ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव अतुल अंजान को भी यात्रा में शिरकत करने के लिए न्यौता भेजा है।
कांग्रेस की ओर से भेजे जा रहे न्यौता में एक चौकाने वाला निमंत्रण सामने आया है। इसमें कांग्रेस ने यूपी के भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को भी निमंत्रण भेजा है। जो कि बीजेपी के साथ साथ पूरी सियासी राजनीति में खलबली मचायी हुई है। और अंदाज लगाया जा रहा है कि विरोधी दलों के नेताओं को भेजे जा रहे न्यौता के पीछे कांग्रेस की क्या चाल है। कुछ राजनीतिक विश्लेषक इस कांग्रेस की खास रणनीति मान रहे है। हालांकि कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह ने बताया कि दिनेश शर्मा को लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर के रूप में निमंत्रण भेजा है। उन्होंने कहा इसके अतिरिक्त लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रोफेसर रविकांत को भी यात्रा में शामिल होने का न्यौता भेजा है।
मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा गाजियाबाद के लोनी के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल होगी। यूपी में राहुल की गांधी तीन दिन तक रहेगी। उसके बाद वह बागपत और शामली होते हुए हरियाणा के लिए कूच करेगी।
Created On :   26 Dec 2022 6:39 PM IST