New Waqf law: 'इस संशोधन से वक्फ की संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वाले परेशान...आम मुसलमानों को मिलेगा फायद', वक्फ संशोधन बिल को लेकर बोले मनोज तिवारी

इस संशोधन से वक्फ की संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वाले परेशान...आम मुसलमानों को मिलेगा फायद, वक्फ संशोधन बिल को लेकर बोले मनोज तिवारी
  • नए वक्फ कानून को लेकर बोले मनोज तिवारी
  • आम मुसलमानों को फायदा मिलने की कही बात
  • कांग्रेस पर भी साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वक्फ संशोधन बिल राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद अब कानून बन गया है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी ने इसे लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने रविवार को अहमदाबाद में मीडिया से बात करते हुए वक्फ विधेयक को लेकर दावा किया कि इससे आम मुसलमानों को काफी लाभ होगा।

अब गरीब मुसलमानों को मिलेगा सीधा फायदा

मनोज तिवारी ने इस बिल का समर्थन करते हुए कहा कि यह आम मुसलमानों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा। खासकर उन गरीब मुसलमानों के लिए जिन तक वक्फ की संपत्तियों से मिलने वाली आमदनी नहीं पहुंच रही थी। यह संशोधन उन लोगों को परेशान कर रहा है, जो वक्फ की संपत्तियों पर अवैध कब्जा जमाए हुए थे। अब वक्फ से मिलने वाले फायदे सीधे गरीब मुसलमानों तक पहुंचेंगे।

उन्होंने आगे कहा, "वक्फ संशोधन विधेयक पर जो विरोध हो रहा है, वह उन कब्जाधारी लोगों का है जो वक्फ संपत्ति पर अवैध तरीके से कब्जा कर लाभ उठा रहे थे। यह संशोधन उस पर अंकुश लगाने का एक प्रयास है। इस विधेयक के माध्यम से अब वक्फ की संपत्तियों का सही तरीके से उपयोग होगा और उनका लाभ गरीब मुसलमानों तक पहुंचेगा। इस संशोधन के खिलाफ विरोध करने वालों को यह समझना चाहिए कि यह कदम मुस्लिम समाज के हित में है। यह संशोधन वक्फ की संपत्तियों का दुरुपयोग करने वालों को रोकने के लिए है।"

उन्होंने बताया कि वक्फ से होने वाली आमदनी का बड़ा हिस्सा अब गरीब मुसलमानों के कल्याण के लिए खर्च होगा, जो पहले उन लोगों के पास चला जाता था, जो वक्फ संपत्तियों पर कब्जा कर बैठे थे।

कांग्रेस पर बोला हमला

कांग्रेस पर जुबानी हमला बोलते हुए भाजपा सांसद ने कहा, "कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को समझना चाहिए कि यह संशोधन संविधान के खिलाफ नहीं है। यह कदम वक्फ की संपत्तियों के सही उपयोग के लिए उठाया गया है। इस बिल को लोकसभा और राज्यसभा दोनों से पारित किया जा चुका है। कुछ लोग इसे गलत तरीके से पेश कर रहे हैं, लेकिन यह वक्फ की संपत्तियों के लाभ को सही तरीके से गरीब मुसलमानों तक पहुंचाने का एक कदम है।"

मनोज तिवारी ने कहा कि सरकार का यह कदम देश के संविधान के अनुरूप है। इसे हर मुस्लिम समाज के व्यक्ति को समझने की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने जनता से यह भी अपील की कि वह इस संशोधन के वास्तविक उद्देश्य को समझें और इसे सही दृष्टिकोण से देखें, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव आ सके।

Created On :   7 April 2025 12:35 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story