हरियाणा विधासभा चुनाव 2024: सैनी सरकार के इन मंत्रियों को चुनावी मैदान में मिली करारी शिकस्त, निर्दलीय सावित्री जिंदल ने शहरी विकास एवं आवास मंत्री को हराया

सैनी सरकार के इन मंत्रियों को चुनावी मैदान में मिली करारी शिकस्त, निर्दलीय सावित्री जिंदल ने शहरी विकास एवं आवास मंत्री को हराया
  • नायब सिंह सरकार के 10 मंत्री उतरे चुनावी मैदान में
  • कुछ को मिली जीत तो कईयों को देखना पड़ा हार का मुंह
  • लाड़वा सीट से जीते नायब सिंह सैनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव में आज रिजल्ट का दिन है। वोटों की गिनती लगातार जारी है। एग्जिट पोल के हिसाब से हरियाणा में कांग्रेस भारी बहुमत से सरकार बनाने की ओर बढ़ रही थी। लेकिन वोटों की गिनती के बाद एग्जिट पोल के रिजल्ट उल्टे पड़ते दिख रहे हैं। हरियाणा में वोटों की काउंटिंग के बाद ऐसा दिख रहा है कि भारतीय जनता पार्टी हैट्रिक लगा सकती है। दोपहर 2 बजे तक बीजेपी 48 सीटों के साथ आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस 37 सीटें जीत चुकी है। इस बार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत भाजपा के 10 मंत्रियों ने अपनी किस्मत आजमाई है। चलिए जानते हैं वोट की लड़ाई में किन मंत्रियों ने जीत हासिल की है और किन्हें हार का स्वाद चखना पड़ा है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में नायब सिंह सैनी सरकार के 14 में से कुल 10 मंत्रियों को भाजपा ने चुनावी अखाड़े में उतारा था। इनमें, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, डॉ. कमल गुप्ता, असीम गोयल, मूल चंद शर्मा, कंवरपाल, जय प्रकाश दलाल, अभय सिंह यादव, संजय सिंह, महिपाल ढांडा और सुभाष सुधा शामिल हैं।

नायब सिंह सैनी- हरियाणा विधानसभा चुनाव की सबसे चर्चित लाड़वा विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी मैदान में उतरे थे। वहीं, इनके सामने कांग्रेस ने मेवा सिंह के खड़ा किया था। चुनावी रिजल्ट के हिसाब से सैनी को टिकट देना भाजपा के लिए काफी फायदेमंद रहा। लाड़वा विधानसभा सीट से सैनी 16209 वोटों से आगे हैं।

डॉ. कमल गुप्ता- हरियाणा के हाई प्रोफाइल सीटों में से एक हिसार विधानसभा सीट से भाजपा ने डॉ. कमल गुप्ता को टिकट दिया था। वहीं, कांग्रेस ने राम निवास राड़ा को उतारा था। लेकिन इस सीट से हरियाणा की सबसे अमीर प्रत्याशी महिला सावित्री जिंदल भी खड़ी हुई थीं। पिछली बार डॉ. कमल गुप्ता ने राम निवास को इसी सीट पर मात दी थी लेकिन इस बार वह 31739 वोटों से पीछे चल रहे हैं। निर्दलीय सीट पर चुनाव सावित्री जिंदल इस सीट से जीत दर्ज कर चुकी हैं।

असीम गोयल- अंबाला विधानसभा सीट से बीजेपी की ओर से चुनावी मैदान में उतरे असीम गोयल 6369 वोटों से पीछे चल रहे हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ रहे निर्मल सिंह इस सीट से जीत की ओर बढ़ रहे हैं।

मूल चंद शर्मा- सैनी सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री मूल चंद शर्मा बल्लभगढ़ सीट से चुनावी दंगल में उतरे। उनके सामने कांग्रेस ने पराग शर्मा को टिकट दिया। इस सीट से मूल चंद शर्मा 15592 वोटों से आगे चल रहे हैं।

कंवरपाल- हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जगधरी विधानसभा सीट से एक बार फिर से कंवरपाल को टिकट दिया। लेकिन वह इस सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार अकरम खान से वह 12188 वोटों से पीछे रह गए।

जय प्रकाश दलाल- हरियाणा के वित्त मंत्री जय प्रकाश दलाल इस चुनाव में लोहारू सीट से खड़े हुए थे। लेकिन इस बार कांग्रेस के राजबीर फारिता ने उन्हें 2760 वोटों से मात दी।

अभय सिंह यादव- नांगल चौधरी सीट से चुनाव मैदान में उतरे मंत्री अभय सिंह यादव इस बार कांग्रेस की मंजू चौधरी से 1001 वोट से पीछे रह गए।

संजय सिंह- नूंह विधानसभा सीट से हरियाणा के खेल राज्य मंत्री संजय सिंह को कांग्रेस के आफताब अहमद ने 46963 वोटों के फासले से मात दे दी है।

महिपाल ढांडा- हरियाणा के विकास एवं पंचायत राज्य मंत्री महिपाल ढांडा ने कांग्रेस के सचिन कुंदु को 50431 वोटों से हरा दिया है।

सुभाष सुधा- नायब सिंह सरकार के मंत्री सुभाष सुधा को थानेसर विधानसभा सीट से कांग्रेस के अशोक कुमार अरोड़ा से 3243 वोटों से हार मिली है।

Created On :   8 Oct 2024 9:55 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story