दिल्ली में जीत, बंगाल में 'दीदी' पर तंज: भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने CM ममता बनर्जी पर बोला हमला, 2026 में BJP सरकार बनने का किया दावा

- दिल्ली में 27 सालों के बाद खिला कमल
- सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल की सीएम पर बोला हमला
- बंगाल में 2026 में भाजपा सरकार बनने का किया दावा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में 27 सालों बाद भाजपा ने बंपर जीत हासिल की है। राज्य की 70 में से 36 सीटों का आंकड़ा पार करके सत्ता में मजबूत वापसी की है। जबकि, आम आदमी पार्टी को 10 साल बाद बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, कांग्रेस दिल्ली की एक भी सीट पर जीत हासिल करने में नाकाम रही। इस बीच दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार शाम को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने सीएम ममता को चेतावनी देते हुए कहा, 'देखिए, अगली बारी आपकी है।' दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर सुवेंदु अधिकारी ने मीडिया से खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "दिल्ली की जीत हमारी है, 2026 में बंगाल की बारी।"
सीएम ममता बनर्जी पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को देश के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह भ्रष्टाचार और झूठ की राजनीति के अंत की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता से किए वादों के साथ धोखा किया और भ्रष्टाचार में लिप्त रही, जिसका जवाब दिल्ली की जनता ने दे दिया।
इसके अलावा सुवेंदु अधिकारी ने दिल्ली की स्थिति के बारे में कहा कि यह देश की राजधानी है और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहर बनाना चाहिए था, लेकिन आम आदमी पार्टी ने इसे बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में जिस तरह देश में विकास हुआ है, वही दिल्ली में भी होना चाहिए था। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने यमुना एक्सप्रेस वे और अन्य बुनियादी ढांचे को विकसित किया, लेकिन दिल्ली सरकार इसे संभालने में विफल रही।
आम आदमी पार्टी पर बोला हमला
भाजपा नेता ने दावा करते हुए कहा कि 90 प्रतिशत से अधिक बंगाली मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को मजबूत किया जा सके। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी चुनाव के दौरान ही भगवान बजरंगबली की भक्ति दिखाती है, जबकि असल में यह सिर्फ एक दिखावा होता है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड बनवाकर मुफ्त बिजली-पानी जैसी सुविधाएं दीं है। इससे देश की सुरक्षा को खतरा है। इतना ही नहीं उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में जितनी भी राष्ट्रविरोधी गतिविधियां हुई हैं, उनमें केजरीवाल की भूमिका रही है, ठीक वैसे ही जैसे पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का शासन इस तरह की गतिविधियों का समर्थन करता है।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि अब बंगाल में भी बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि दिल्ली की तर्ज पर बंगाल में भी भाजपा की लहर चलेगी और राष्ट्रवादी सरकार बनेगी। उन्होंने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार से अपील की कि पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किए जाए, ताकि तृणमूल कांग्रेस की सरकार द्वारा की जा रही धांधली और पुलिस के दुरुपयोग को रोका जा सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में पुलिस का इस्तेमाल भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब पूरी तरह तैयार है और 2026 के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा को भारी समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि बंगाल डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी और स्वामी विवेकानंद की धरती है, और यहां राष्ट्रविरोधी ताकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Created On : 9 Feb 2025 4:15 AM