दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजा 2025: 'AAP-दा की विदाई हो गई...', दिल्ली चुनाव में मिली जीत पर बोले बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी
![AAP-दा की विदाई हो गई..., दिल्ली चुनाव में मिली जीत पर बोले बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी AAP-दा की विदाई हो गई..., दिल्ली चुनाव में मिली जीत पर बोले बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/08/1401711-.webp)
- बीजेपी को मिली 48 सीटें
- आम आदमी पार्टी को मिली 22 सीटें
- कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में बीजेपी को प्रचंड जीत मिलने पर पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस दौरान आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि AAP-दा की विदाई हो गई और आप ने जनता के साथ विश्वासघात किया।
AAP-दा की विदाई हो गई- बीजेपी नेता
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "AAP-दा की विदाई हो गई है। इन्होंने(AAP) जनता के साथ विश्वासघात किया है और जनता ने उसका सबक इनको सिखा दिया है। यह होना चाहिए था। विकास और यमुना जी की सफाई प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ही हो सकती है।"
पीएम मोदी ने भी आप पर बोला हमला
इससे पहले पीएम मोदी ने कहा कि आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने AAP-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की AAP-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है - आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई AAP-दा की हार हुई है। इस नतीजे ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, उनके परिश्रम को चार चांद लगा दिए हैं। आप सभी कार्यकर्ता इस विजय के हकदार हैं। मैं भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को इस विजय की बहुत बहुत बधाई देता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। दिल्ली की जनता ने लोकसभा चुनाव में मुझे कभी निराश नहीं किया। तीनों चुनावों- 2014, 2019 और 2024- में दिल्ली की जनता ने हमें सभी सात सीटों पर शानदार जीत दिलाई। लेकिन आज दिल्ली ने हमारा वो आग्रह भी मान लिया। दिल्ली की युवा पीढ़ी, 21वीं सदी में पैदा हुए साथी अब पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। आज के नतीजे दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के लिए देश में कितना भरोसा है।
बीजेपी को मिली प्रचंड जीत
आज (8 फरवरी) दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए। जिसमें आम आदमी पार्टी को हार सामना करना पड़ा है। 70 सीटों वाले दिल्ली में बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, आम आदमी पार्टी को केवल 22 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा कांग्रेस को एक भी सीट हासिल नहीं की है।
Created On :   8 Feb 2025 10:36 PM IST