अवनि ने महिला 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन में जीता कांस्य

- भारत ने टोक्यो में अब तक 12 पदक अपने नाम किए हैं
डिजिटल डेस्क, टोक्यो। भारत की पैरा निशानेबाज अवनि लेखरा ने यहां जारी टोक्यो पैरालंपिक में महिला 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच 1 इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया। अवनि का इस पैरालंपिक में यह दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल एसएच 1 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था।
अवनि के पदक जीतने के साथ ही भारत ने टोक्यो में अब तक 12 पदक अपने नाम किए हैं। अवनि 445.9 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इस इवेंट का स्वर्ण पदक चीन की कुलपिंग झांग ने जीता जिन्होंने 457.9 का स्कोर किया जबकि जर्मनी की नतास्चा हिलट्रोप ने 457.1 अंक लेकर रजत पदक अपने नाम किया।
भारत ने दिन का दूसरा पदक अपने नाम किया है। अवनि से पहले प्रवीण कुमार ने पुरुष ऊंची कूद टी64 इवेंट में देश को रजत पदक दिलाया।भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में अबतक दो स्वर्ण, छह रजत और चार कांस्य सहित कुल 12 पदक अपने नाम किए हैं।
आईएएनएस
Created On :   3 Sept 2021 11:30 AM IST