- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- तावड़े के हाथ दिल्ली सीएम के शपथ...
New Delhi News: तावड़े के हाथ दिल्ली सीएम के शपथ ग्रहण जलसे की कमान, चुघ के साथ की बैठक

- रामलीला मैदान में 20 फरवरी को होगा शपथ ग्रहण समारोह
- शपथग्रहण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर तावड़े और चुघ ने की बैठक
New Delhi News. दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बने सस्पेंस पर से अभी पर्दा नहीं उठा है, लेकिन सरकार के मुखिया की ताजपोशी का जिम्मा महाराष्ट्र के कंधों पर है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रामलीला मैदान में होने वाले मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के जलसे की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को सौंपी है। तावड़े के साथ ही राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम की तैयारियों के प्रबंधन का जिम्मा संभाल रहे हैं। नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण 20 फरवरी को होगी।
भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और तरुण चुघ ने सोमवार को यहां शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक की। इस बैठक में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेता शामिल रहे। इस बैठक में शपथ ग्रहण कार्यक्रम की तैयारियों, अतिथियों की सूची और प्रबंधन से जुड़े अन्य जरूरी पहलुओं पर चर्चा की गई।
ऐसी चर्चा है कि दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का चुनाव करने के लिए 19 फरवरी को विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव होगा। इसके बाद 20 फरवरी को शाम 4.30 बजे रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण होगा।
सूत्रों के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह से पहले राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों व उपमुख्यमंत्रियों की भी एक बैठक होगी। इस बैठक में राजग शासित राज्यों के कामकाज और केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हो सकती है।
Created On :   17 Feb 2025 9:17 PM IST