रामनवमी 2025: रामनवमी की पूरे देश में मनाई जा रही है धूम, बंगाल के साथ अन्य राज्यों में हाई अलर्ट, जानें किस राज्य के कैसे हैं हाल!

- देश में मनाई जा रही धूमधाम से
- सुरक्षा व्यवस्था को किया गया मजबूत
- पुलिस बलों की तैनाती के साथ शांति बनाए रखने की कोशिश
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रामनवमी के महापर्व पर पूरे देश में धूम मच रही है। इस बार के आयोजन को लेकर सुरक्षा खास सावधानी रखने की कोशिश की जा रही है। खासकर उन राज्यों में जहां पर कुछ समय से हालात सेंसिटिव हैं। इसमें पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश के अलावा भी कई सारे राज्य शामिल हैं। ऐसे में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, जिससे किसी भी घटना को आराम से कंट्रोल किया जा पाए।
यूपी में क्या हैं हाल?
रामनवमी पर उत्तर प्रदेश के अयोध्या पर खास तौर पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। यहां पर भगवान राम का जन्म स्थान होने की वजह से लाखों श्रद्धालु यहां पर दर्शन करने आते हैं। इस बार राम मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी गई है। अयोध्या को भी अलग-अलग जोन में बांटा गया है और भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। वहीं, सरयू नदी के आसपास एनडीआरएफ और जल पुलिस भी अलर्ट पर हैं। प्रसाशन की तरफ से इस बार श्रद्धालुओं को लेकर खास इंतजाम किए हैं। इस बार रामलला के दर्शन करने के लिए स्पेशल पास रद्द कर दिए गए हैं। वहीं, राज्य के अन्य जगहों में भी सुरक्षा मजबूत कर दी गई है। प्रमुख रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
मुंबई में क्या हैं हाल?
मुंबई में भी 13,500 से ज्यादा पुलिसकर्मी को तैनात किया गया है। इनमें से 11,000 कांस्टेबल, 2,500 अधिकारी और 51 सहायक पुलिस आयुक्त शामिल हुए हैं। राज्य रिजर्व पुलिस बल की नौ प्लाटून के साथ अन्य विशेष इकाइयां भी शांति बनाए रखने के लिए तैनात की गई हैं।
पश्चिम बंगाल में हाई अलर्ट
पश्चिम बंगाल में भी रामनवमी को लेकर सुरक्षा का कड़ा इंतजाम किया गया है। कोलकाता में पांच बड़े जुलूसों के साथ 50 से ज्यादा रामनवमी जुलूसों के आयोजन की संभावना जताई है। जिसको ध्यान में रखते हुए शहर में 5,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। राज्य के कई जिलों में सुरक्षा का खास इंतजाम करवाया गया है। जिसमें, हावड़ा, सिलीगुड़ी, मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे संवेदनशील जिले शामिल हैं। राज्य में पिछले कुछ सालों में रामनवमी के मौके पर कई सारी घटनाएं सामने आई थीं, जिसे देखते हुए इस बार सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा सकती है।
झारखंड में भी सुरक्षा बल तैनात
झारखंड में भी रामनवमी के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। राज्य के प्रमुख शहरों में पुलिस बल तैनात हैं जिससे किसी भी असामाजिक गतिविधि को समय रहते आराम से कंट्रोल किया जा पाए। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निर्देश जारी किए हैं कि बाइक रैली जैसी किसी भी नई परंपरा को रोक दिया जाए, जिससे किसी भी तरह का माहौल ना बिगड़े।
बिहार
बिहार में भी सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया गया है. पटना में भी रामनवमी पर सुरक्षा को लेकर पटना पुलिस ने पुख्ता तैयारियां की हैं। पर्व के समय इलाके में 25 सौ पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। रैपिड एक्शन फोर्स यानि रैफ की दो कंपनियों के साथ 800 अतिरिक्त बल को भी लगाया गया है। जिसका एकमात्र उद्देश्य ये है कि रामनवमी का त्योहार शांतिपूर्वक और भाईचारे के साथ मनाया जाए।
Created On :   6 April 2025 3:26 PM IST