Monsoon Updates: मौसम विभाग ने दी खुशखबरी, इस साल सामान्य से बेहतर रहेगा मानसून, 87 सेंटीमीटर बारिश की जताई संभावना

- मानसून को लेकर आईएमडी ने अच्छी खबर
- इस साल भी जमकर बरसेंगे बदरा
- पानी की पूर्ति से फसल की पैदावार होगी बंपर
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मानसून को लेकर अच्छी खबर दी है। इस बार जून से लेकर सितंबर महीने तक मानसून सामान्य से बेहतर रहेगा। 104 से लेकर 110 प्रतिशत के बीच बारिश को सामान्य से अच्छा माना जाता है। मौसम विभाग ने इस साल 105 प्रतिशत बारिश होने की संभावना जताई है जो कि खेती के लिए खुशखबरी है।
आईएमडी हेड मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि साल 2025 में 105% यानी 87 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है। बता दें कि एक मानसून सीजन के लिए 868.6 मिलीमीटर यानी 86.86 सेंटीमीटर बारिश सामान्य मानी जाती है।
इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
आईएमडी के मुताबिक मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल मराठवाड़ा और उससे सटे तेलंगाना में इस मानसून सीजन सामान्य से ज्यादा बारिश होगी। वहीं, सामान्य से कम बारिश वाले राज्यों की बात करें तो बिहार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तमिलनाडु, और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होगी।
केरल से एंट्री लेता है मानसून
भारत में मानसून हर साल 1 जून को केरल से एंट्री लेता है। इसके बाद करीब चार महीने बाद राजस्थान से इसकी वापसी होती है। केरल से देश के मध्य उत्तरी राज्यों में यह 15 से 25 जून के बीच पहुंचता है।
खेती के लिए अच्छा संकेत
हमारे देश का आधा खेतिहर इलाका आज भी मानसूनी बारिश पर निर्भर रहता है। यानी मानसून के अच्छे या खराब रहने से फसलों की पैदावार पर सीधा असर पड़ता है। अगर मानसून खराब हुआ तो फसल कम पैदा होती है, जिससे महंगाई बढ़ सकती है। ऐसे में मौसम विभाग द्वारा सामान्य मानसून रहने की भविष्यवाणी से किसानों के चेहरे खुशी से खिल गए हैं। इसके साथ ही मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब मानसून में बारिश के दिनों की कमी हो रही है और भारी बारिश की बढ़ोतरी हो रही है। जिससे लगातार सूखा और बाढ़ के हालात बन रहे हैं।
Created On :   15 April 2025 9:49 PM IST