देश में रामनवमी का उत्साह: देशभर में रामनवमी की धूम, प्रेसिडेंट द्रौपदी मुर्मू-पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी देशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं

- देशभर में रामनवमी का उत्साह
- राष्ट्रपति मुर्मू ने दी शुभकामनाएं
- राहुल गांधी ने कहा 'आप सभी के जीवन में सुख हो'
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में रामनवमी की धूम मची हुई है। राजनीतिक गलियारों में भी पर्व का उत्साह देखने को मिल रहा है। इस मौके पर रविवरा (6 अप्रैल) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu), प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट के जरिए बधाई दी है। चलिए देखते हैं सभी दिग्गजों ने क्या कहा?
द्रौपदी मुर्मू ने दी शुभकामनाएं
प्रेसिडेंट मुर्मू ने कहा कि सभी देशवासियों को रामनवमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। यह त्योहार धर्म, न्याय और कर्तव्य-परायण होने का संदेश देता है। मर्यादापुरुषोत्तम प्रभु श्री राम ने मानव जाति के लिए त्याग, वचनबद्धता, समरसता और शौर्य के उच्च आदर्श प्रस्तुत किए हैं। उनके सुशासन यानी रामराज्य की अवधारणा को आदर्श माना जाता है। मेरी मंगलकामना है कि इस शुभ अवसर पर सभी देशवासी विकसित भारत के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लें।
पीएम मोदी ने दी रामनवमी की बधाई
पीएम मोदी ने कहा कि सभी देशवासियों को रामनवमी की ढेरों शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव का यह पावन-पुनीत अवसर आप सबके जीवन में नई चेतना और नया उत्साह लेकर आए, जो सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के संकल्प को निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करें। जय श्रीराम!
राहुल गांधी ने क्या कहा?
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी देशवासियों को रामनवमी पर्व की बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा- आप सभी को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
Created On :   6 April 2025 9:57 AM IST