35 सौ किमी पैदल चलने के बाद राहुल गांधी देश के लोगों के नाम लिखा खुला खत, अपने दिलों से डर निकालकर प्यार बांटने की दी सलाह

- युवाओं में बेरोजगारी
- असहनीय महंगाई
- गंभीर कृषि संकट
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कन्याकुमारी से कश्मीर तक के लिए चल रही कांग्रेस की "भारत जोड़ो यात्रा" अब अपने आखिर पड़ाव में है। इस बीच राहुल गांधी ने देशवासियों के नाम एक चिट्ठी लिखी है। जिसमें उन्होंने यात्रा के अनुभवों और देश की समस्याओं के बारे में लिखा है। पत्र में उन्होंने देश में बढ़ रही महंगाई, बेरोजगार युवा, कमजोर रुपया के बारे में भी जिक्र किया है। राहुल ने देश की जनता को एकजुट होने के लिए भी कहा है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस परिवार के अथक परिश्रम के बारे में भी बताया है। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पार्टी की अगली यात्रा "हाथ से हाथ जोड़ो अभियान" का भी लक्ष्य रखा है। पत्र में उन्होंने सस्ता डीजल, एमएसएमई, देश में धन के उचित वितरण के बारे में बताया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा कि, " मेरे साथी भारतीयों, मैं आपको 3500 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा पूरी करने के बाद लिख रहा हूं। इस यात्रा में लाखों भारतीय हमारे साथ कन्याकुमारी से कश्मीर तक चले। यह मेरे जीवन की सबसे समृद्ध यात्रा थी, और मैं उस प्यार और स्नेह से अभिभूत हूं, जो हर एक भारतीय ने हम पर बरसाया है।" उन्होंने आगे लिखा कि, "मैंने रास्ते में आपकी सभी कहानियां ध्यान से सुनीं। एक सुस्पष्ट आर्थिक संकट मंडरा रहा है - युवाओं में बेरोजगारी, असहनीय महंगाई, गंभीर कृषि संकट, और देश की संपत्ति पर पूरी तरह से कॉर्पोरेट वाले लोगों के हाथ में चली गई है।"
आय में गिरावट आ रही है- राहुल गांधी
राहुल ने चिट्ठी में आगे लिखा कि, " लोग अपनी नौकरी खोने के बारे में चिंतित हैं, उनकी आय में और गिरावट आ रही है, और उनके बेहतर भविष्य के सपने चकनाचूर हो रहे हैं। देश भर में निराशा की गहरी भावना है। आज हमारी अनेकता भी खतरे में है। विभाजनकारी ताकतें हमारी विविधता को हमारे खिलाफ करने की कोशिश कर रही हैं - विभिन्न धर्मों, समुदायों, क्षेत्रों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा किया जा रहा है। ये ताकतें, जो संख्या में मुट्ठी भर हैं, जानती हैं कि जब लोग असुरक्षित और डरे हुए महसूस करते हैं, तभी वे 'दूसरे' के लिए नफरत के बीज बो सकते हैं। लेकिन इस यात्रा के बाद मुझे विश्वास हो गया है कि इस शातिर एजेंडे की अपनी सीमाएं हैं और यह अब और नहीं चल सकता।"
राहुल गांधी ने लिखा, "मैं हर दिन इन बुराइयों को खत्म करने के लिए सड़कों से लेकर संसद तक लड़ूंगा। मैं देश को आर्थिक तौर पर मजबूत बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हूं। सबके लिए समृद्धि, किसानों की उपज का सही दाम, हमारे युवाओं को रोजगार, देश के धन का उचित वितरण, एक समर्थता, एमएसएमई और उद्यमियों के लिए पर्यावरण, सस्ता डीजल, मजबूत रुपया और 500 रुपये में गैस सिलेंडर।"
डरो मत! अपने हृदय से भय को निकाल दो, और तुम्हारे भीतर से घृणा मिट जाएगी
कांग्रेस नेता ने लिखा कि, "हमारे देश के लोग महसूस करते हैं कि जब तक हम अपनी विविधता को नहीं अपनाते और कंधे से कंधा मिलाकर काम नहीं करते तब तक हम अपनी पूरी क्षमता तक नहीं पहुंच सकते है। मुझे विश्वास है कि भारत नफरत को खारिज कर देगा। हम जाति, धर्म, भाषा, लिंग और अन्य सभी मतभेदों से ऊपर उठेंगे जो समाज में दरार पैदा करते हैं। हमारी महानता हमारी अनेकता में एकता में निहित है। आप में से हर एक को मेरा संदेश - डरो मत! अपने हृदय से भय को निकाल दो, और तुम्हारे भीतर से घृणा मिट जाएगी। इस यात्रा ने आप सभी के लिए लड़ने की मेरी शक्ति को ताजा किया है। यह मेरी तपस्या रही है। मैं समझता हूं कि मेरी व्यक्तिगत और राजनीतिक यात्रा एक है - बेजुबानों को आवाज देना, कमजोरों का हथियार बनना, भारत को अंधकार से प्रकाश की ओर, घृणा से प्रेम की ओर, पीड़ा से समृद्धि की ओर ले जाना। मैं उन लोगों के विजन और मूल्यों को आगे बढ़ाऊंगा जिन्होंने हमें हमारा असाधारण संविधान दिया।"
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
पत्र के अंतिम पैराग्राफ में राहुल ने लिखा कि, "पहले देश को गुलामी से आजादी के लिए, फिर लोगों को एक करने के लिए और फिर इस देश को निर्माण के लिए कांग्रेस परिवार 137 वर्षों से अथक परिश्रम कर रहा है। हम हमेशा मुश्किल समय में देश को साथ लेकर आए हैं। आज हमारा देश एक बार फिर संकट की स्थिति में है।" जिसके बाद उन्होंने अपनी अपनी अगली यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि, "हाथ से हाथ जोड़ो अभियान एकता और भाईचारे का संदेश फैलाने की हमारी पहल है। इस ऐतिहासिक अभियान के माध्यम से, कांग्रेस पार्टी आपके लिए हाथ बढ़ा रही है - एक हाथ दें, देश को स्वर्णिम भारत बनाने के रास्ते पर वापस लाने के लिए एक साथ आएं - जहां हर एक भारतीय को अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिले।"
— Congress (@INCIndia) January 13, 2023
Created On :   13 Jan 2023 5:13 PM IST