पीएम मोदी की लंबी उम्र के लिए देश के तमाम दरगाहों में की गई सलामती की दुआ

- मोदी की सलामती के लिए प्रार्थना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री के पंजाब दौरे के वक्त सुरक्षा में चूक मामले में भाजपा लगातार पंजाब सरकार को निशाना बना रही है। पूरा देश पीएम मोदी की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नई दिल्ली से लेकर मुंबई की दरगाहों में उनकी सलामती की दुआएं की गई।
शुक्रवार को हजरत निजामुद्दीन दरगाह में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष आतिफ रशीद ने दुआ की तो वहीं मुंबई की हाजी अली दरगाह में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पीएम की सलामती की दुआएं की। इस मौके पर हाजी अली दरगाह, मुंबई के साथ-साथ आज अजमेर शरीफ दरगाह सहित देश भर में विभिन्न धार्मिक एवं शैक्षणिक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों ने मोदी की सेहत-सलामती और लम्बी उम्र के लिए दुआ मांगी।
इस दौरान मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि, पंजाब में मोदी की सुरक्षा में चूक नहीं बल्कि एक आपराधिक साजिश थी। दुनिया के लोकप्रिय, जनप्रिय नेता नरेंद्र मोदी के खिलाफ जानबूझ कर साजिश से भरी लापरवाही, कांग्रेसी कुनबे की शर्मनाक कायराना साजिश की दुर्गन्ध से भरपूर है।
मोदी बिना रुके बिना थके देश और देश के लोगों की सुरक्षा, समृद्धि और सम्मान के लिए काम कर रहे हैं और उनका नेतृत्व देश की सुरक्षा-समृद्धि की गारंटी है। देश के करोड़ों लोगों की दुआएं और आशीर्वाद मोदी के साथ है। मोदी के खिलाफ इस तरह का कोई भी घृणित और घटिया षड़यंत्र कभी कामयाब नहीं हो पायेगा।
हजरत निजामुद्दीन की दरगाह में शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा करने के बाद दरगाह में चादर चढ़ाई गई और दुआएं की गई। इस मसले पर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष आतिफ रशीद ने बताया कि, हम प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना करते हैं और वह हमेशा सुरक्षित रहें। दरगाह में मेरे साथ तमाम लोगों ने मिलकर प्रधानमंत्री के लिए दुआएं की और हमें यकीन है कि पीएम हमेशा सुरक्षित रहेंगे।
(आईएएनएस)
Created On :   7 Jan 2022 4:00 PM IST