15 अगस्त को दिल्ली राष्ट्रीय ध्वज के रंग में रंगेगी, कर्मचारियों के सीने पर लगा मिलेगा तिरंगा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उपराज्यपाल सचिवालय द्वारा मुख्य सचिव, नई दिल्ली नगर पालिक परिषद के अध्यक्ष, दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी, डीडीए के उपाध्यक्ष और निगमायुक्त के साथ 19 जुलाई को उपराज्यपाल की अध्यक्षता में बैठक हुई, बैठक के बाद कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इससे पहले गृहमंत्री की अध्यक्षता में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए गत रविवार सभी राज्यपालों, उपराज्यपालों, मुख्य मंत्रियों केन्द्र शासित प्रदेशों के प्रशासकों के साथ एक बैठक हुई थी।
नई दिल्ली नगर पालिका परिषद और दिल्ली नगर निगम को अपने अधीन प्रमुख सड़कों जैसे सरदार पटेल मार्ग और शांति पथ के साथ-साथ उनके क्षेत्र में आने वाले बाजारों की पहचान जल्द से जल्द करने को कहा गया है ताकि 13 अगस्त से 15 अगस्त तक इनको तिरंगामय किया जा सके। दिल्ली विकास प्राधिकरण भी अपने अधिकार क्षेत्र के बाजारों में इसी तरह का अभियान चलाएगी। इस अवधि में नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के क्षेत्र में आने वाले फ्लाईओवरों को राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से रोशन किया जाएगा। साथ ही नगर निगम के स्कूलों एवं अस्पतालों को सजा कर उनके प्रांगण में 13 अगस्त से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाएंगे।
शहरी नगर निकायों के सभी पद एवं रैंक के कर्मचारी इस दौरान आजादी की 75वीं स्वतत्रता दिवस तक अपने कंधे, सीने पर तिरंगा लगाएंगे। उन्हें इन छोटे तिरंगों को खरीदने के लिए प्रोत्साहित भी किया जाएगा। वहीं शहरी नगर निकाय अपने क्षेत्र के प्रमुख गोल चक्करों की पहचान कर विभिन्न माध्यमों जैसे- फ्लोरल बोर्डस, झंडे एवं रोशनी के माध्यम से तिरंगे का प्रदर्शन करेंगे।
उपराज्यपाल ने दिल्ली नगर निगम, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद, दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त दिल्ली सरकार के सभी विभागों को हर घर तिरंगा अभियान में जनभागीदारी की पहल सुनिश्चित करते हुए इसे लोकप्रिय बनाने के लिए ठोस प्रयास करने के निर्देश दिए। इसकी सफलता के लिए 22 जुलाई को विशेष प्रचार अभियान की शुरूआत की जाएगी, साथ ही 11 अगस्त से 14 अगस्त, तक स्कूली छात्रों द्वारा प्रभात फेरियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त सभी सरकारी विभागों और उपक्रमों को अपने बेवसाइट के होम पेज पर 22 जूलाई 2022 से राष्ट्रीय तिरंगा प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आईएएनएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Created On :   20 July 2022 7:01 PM IST