मौसम अपडेट: दिल्ली में आंधी-बारिश का अलर्ट, यूपी से लेकर एमपी तक यही हाल, जानें कैसा रहेगा आज मौसम का मिजाज?

- दिल्ली में आंधी का अलर्ट
- एमपी में हो सकती है बारिश
- यूपी के तापमान में आ सकती है गिरावट
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। देश की राजधानी दिल्ली में बीते कुछ दिनों से आंधी-बारिश का दौर जारी है। शनिवार (12 अप्रैल) को भी मौसम में कुछ खास अंतर देखने को नहीं मिलेगा। मौसम विभाग ने आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बीते दिन राज्य के कई इलाकों में तबाही मच गई। छतों और दीवार के ढहने की खबरें सामने आईं। वहीं, उत्तर प्रदेश में भी कुछ इसी तरह का माहौल रहने वाला है। राज्य में आज बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के कई शहरों में बारिश देखने को मिल सकती है जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
दिल्ली का मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोगों को आंधी और बारिश का सामना करना पड़ रहा है। तेज हवाओं के चलते लोगों को एक ओर चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है तो वहीं दूसरी ओर भारी नुकसान भी हुआ है। जानकारी है कि आंधी-बारिश के चलते कई इलाकों में पेड़ और छत गिर गई। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अभी बारिश का दौर खत्म नहीं होगा। शनिवार (12 अप्रैल) को भी दिल्ली में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। राज्य में आज का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा।

यूपी में तूफान
उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला जारी है। राज्य में पूरे दिन तो बारिश नहीं होती लेकिन रुक-रुक कर जरूर हो रही है। आज भी राज्य में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई जा रही है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। ऐसे में यूपी वालों को गर्मी से राहत मिलेगी। राज्य में आज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा।

एमपी में भी बारिश
मध्य प्रदेश के कई इलाकों में आज बारिश की आशंका है। अगर बारिश होती है तो लोगों को भीषण गर्मी से राहत की सांस आएगी। राजधानी भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, छतरपुर, कटनी, पन्ना, दमोह, राजगढ़, विदिशा और देवास में बारिश हो सकती है। एमपी में आज का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा।
Created On :   12 April 2025 12:03 PM IST