Wakf Amendment Act: गाड़ियां जलीं, पुलिस पर फेंके पत्थर, 10 सुरक्षाकर्मी घायल, वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ वेस्ट बंगाल के प्रदर्शन में क्या-क्या हुआ?
- वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन
- पश्चिम बंगाल में सड़कों पर उतरे लोग
- यातायात प्रभावित
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ कई मुस्लिम संगठन खड़े हुए हैं। शुक्रवार को देशभर में कई जगह विरोध प्रदर्शन किया गया। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में प्रोटेस्ट के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हिंसक रुख अपनाते हुए गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। बस इतना ही नहीं बल्कि पुलिस पर पत्थर भी फेंके गए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क और रेल यातायात को भी बाधित किया। वहीं, 10 पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने दी अहम जानकारी
पश्चिम बंगाल पुलिस ने जानकारी दी कि- जंगीपुर के सुती और समसेरगंज इलाकों में स्थिति अब नियंत्रण में है। पुलिस की प्रभावी कार्रवाई से बेकाबू भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य हो गया है। हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गलत सूचना फैलाने की कोशिश करने वाले अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
हिरासत में लिए गए AIMIM राष्ट्रीय प्रवक्ता
महाराष्ट्र में शुक्रवार (11 अप्रैल) को विरोध प्रदर्शन कर रहे एआईएमआईएम (AIMIM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान को हिरासत में ले लिया गया। पठान ने कहा था कि भायखला मस्जिद के ट्रस्टियों ने हमें मोदी सरकार द्वारा लाए गए काले वक्फ कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए बुलाया था। हमारा शांतिपूर्ण विरोध पूरे देश में जारी रहेगा क्योंकि मामला सुप्रीम कोर्ट में है और 16 अप्रैल को सुनवाई होगी। हम चाहते हैं कि जैसे कृषि कानूनों को निरस्त किया गया था, वैसे ही इस कानून को भी वापस लिया जाए।
भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जुमे की नमाज के बाद कुछ लोग शमशेरगंज में जमा हो कर वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। भीड़ ने नेशनल हाईवे -12 को भी ब्लॉक कर दिया। प्रोटेस्ट ने हिंसक रूप तब लिया जब कुछ लोगों ने पुलिस के वाहन पर ही पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
Created On :   12 April 2025 8:24 AM IST