राष्ट्रीय राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दी जानकारी

- दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार तक हल्की बारिश होने की संभावना है और 10 से 12 सितंबर के बीच मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसकी जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को दी।
दिल्ली के कुछ हिस्सों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई। आईएमडी के आंकड़ों से पता चला है कि पिछले 24 घंटों से बुधवार सुबह 8.30 बजे तक लोधी रोड वेधशाला में 3.2 मिमी, सफदरजंग में 5 मिमी, पालम में 0.8 मिमी बारिश हुई, जबकि अन्य क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई। पहले दो दिनों में भारी बारिश के बाद, शहर में अब हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, क्योंकि यह बारिश के मौसम के अंत की ओर अग्रसर है।
सितंबर के पहले दो दिनों में रिकॉर्ड बारिश ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर के महीने के लिए सामान्य बारिश के निशान को पार कर लिया है। सफदरजंग वेधशाला में, 1 सितंबर को सुबह 8.30 बजे तक 112.1 मिमी और उसके बाद अगले 24 घंटों में 117.7 मिमी, कुल 229.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में सितंबर की सामान्य वर्षा 129.8 मिमी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आद्र्रता 74 फीसदी दर्ज की गई। शहर की वायु गुणवत्ता मध्यम रही। सुबह आठ बजे आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 54 दर्ज किया गया।
(आईएएनएस)
Created On :   8 Sept 2021 4:00 PM IST