झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार: क्या होगा सीट बंटवारे का आधार, किसे मिलेगी जगह?

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में भाजपा सत्ता से हाथ धो बैठी। पहली बार राज्य में बीजेपी ने रघुवर दास के नेतृत्व में चुनाव लड़ा। वहीं महागठबंधन ने हेमंत सोरेन को मैदान में उतरा, जहां सोरेन ने बाजी मार ली। वर्ष 2014 के चुनाव में 19 सीटों पर जीतने वाली झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 30 सीटों पर कब्जा किया। जबकि कांग्रेस ने 16 सीटों पर जीत हासिल की। आरजेडी ने भी एक सीट जीती। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद अब सवाल उठने लगा है कि मंत्रिमंडल में कौन-कौन शामिल होगा।
सूत्रों के अनुसार जेएमएम के सीएम समेत 6 मंत्री पद अपने पास रख सकता है। वहीं कांग्रेस के पांच मंत्री और राजद का भी एक मंत्री बनाया जा सकता है। विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी कांग्रेस को मिलने की संभावना जताई जा रही है। मंत्रिमंडल तैयार करने में क्षेत्र, जाति और धर्म को महत्व दिया जा रहा है। मंत्रिपद के लिए चंपई सोनेर और जोबा मांझी की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। वहीं शिकारीपाड़ा से लगातार सातवीं बार जीत दर्ज करने वाले नलिन सोरेन और स्टीफन मरांडी को भी जगह मिल सकती है।
डुमरी विधायक जगरनाथ महतो व टुंडी से मथुरा महतो को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। कांग्रेस को विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसबार कांग्रेस के कई युवा चेहरे जीत कर आए हैं। ऐसे में पहली बार चुनाव जीतने वालों को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया जाएगा।
Created On :   25 Dec 2019 9:59 AM IST