केंद्रीय मंत्री का ट्वीट- हिंदुस्तान और पाकिस्तान के युद्ध में कांग्रेस किसका साथ देगी?
![Giriraj Singh ask a que on twitter about congress support in india-pak war Giriraj Singh ask a que on twitter about congress support in india-pak war](https://d35y6w71vgvcg1.cloudfront.net/media/2018/05/giriraj-singh-ask-a-que-on-twitter-about-congress-support-in-india-pak-war1_730X365.jpg)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अपने विवादित बयानों के लिए पहचाने जाने वाले केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक नया बखेड़ा शुरू किया है। उन्होंने ट्विटर पर एक पोल शुरू किया है, जिसमें उन्होंने पूछा है कि अभी की परिस्थिति में अगर हिंदुस्तान और पाकिस्तान का युद्ध होता है तो कांग्रेस और कांग्रेस के गुर्गे जिन्ना समर्थक किसके समर्थन में रहेंगे? गिरिराज सिंह ने अपने इस ट्वीट में कांग्रेस को सीधे-सीधे पाकिस्तान समर्थक तो नहीं कहा है लेकिन उनका यह सवाल इशारा तो यही कर रहा है कि वे कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं पर देशविरोधी होने का आरोप लगा रहे हैं।
अभी के परिस्थिति में अगर हिंदुस्तान और पाकिस्तान का युद्ध होता है तो कांग्रेस और कांग्रेस के गुर्गे जिन्ना समर्थक किसके समर्थन में रहेंगे ?
— Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) May 5, 2018
अभी तक कांग्रेस पार्टी की ओर से गिरिराज सिंह के इस सवाल पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सम्भव है कि गिरिराज का यह सवाल एक बड़ा बवाल खड़ा कर दे। केंद्रीय मंत्री का यह सवाल हाल ही में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में पाकिस्तान के संस्थापक जिन्ना की तस्वीर को लेकर चल रहे विवाद के सम्बंध में माना जा रहा है। बता दें कि AMU में कई दशकों से जिन्ना की तस्वीर लगी हुई है, जिसे हिंदूवादी संगठन हटाने की मांग कर रहे हैं, वहीं AMU के छात्र और प्रशासन तस्वीर को हटाने के पक्ष में नहीं है। इसे लेकर हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता और AMU के छात्रों में झड़पें भी हुई हैं। यहां आरोप है कि स्थानीय कांग्रेस नेता AMU के छात्रों के समर्थन में है। इसी को लेकर गिरिराज सिंह ने यह सवाल पूछा है।
12 मई को होने वाले कर्नाटक चुनावों के नजरिए से भी गिरिराज सिंह का यह सवाल बड़े मायने रखता है। राजनीतिक विश्लेषक इस सवाल को बीजेपी की नई प्रचार नीति मान रहे हैं। जानकारों का मानना है, यह सवाल बता रहा है कि बीजेपी गुजरात चुनाव की तरह ही कर्नाटक विधानसभा चुनावों को भी देशभक्त पार्टी और देशविरोधी पार्टी के बीच होने वाले चुनावों की तरह पेश कर लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश करेगी।
बता दें कि इससे पहले भी कई मौकों पर गिरिराज सिंह समेत बीजेपी के अन्य नेता कांग्रेस पर पाकिस्तान समर्थक होने का आरोप लगाते रहे हैं। भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर कांग्रेस नेताओं के सवाल उठाने पर भी बीजेपी नेता कांग्रेस पार्टी को देश विरोधी पार्टी कहते रहे हैं। गुजरात चुनाव के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की पाक अधिकारियों से मुलाकात पर भी बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पार्टी पर पाकिस्तानी से सांठगांठ करने के आरोप लगाए थे।
Created On :   5 May 2018 1:08 PM IST