महाराष्ट्र: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत का दावा, हमारे पास 119 विधायक, सरकार बनाएंगे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में किसकी सरकार बनेगी इस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। एक तरफ कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना तीनों मिलकर सरकार बनाने की कवायद में जुटे हैं तो वहीं अब भाजपा ने दावा किया कि उनके पास 119 विधायक है और उनके बिना राज्य में स्थिर सरकार नहीं बन सकती।
महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा, चुनाव में भाजपा को 105 सीटें मिली हैं। निर्दलीय विधायकों के समर्थन से हमारे पास विधायकों की संख्या 119 है। चंद्रकांत पाटिल ने दावा किया है कि राज्य में भाजपा के बिना सरकार नहीं बन सकती। शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और समर्थन देने वाले सभी विधायकों की बैठक के बाद पाटिल ने ये बयान दिया।
पाटिल से जब पूछा गया कि शरद पवार ने दावा किया है कि तीनों पार्टी मिलकर सरकार बनाएगी जो पांच सालों तक चलेगी। इसपर पाटिल ने कहा, "हमारा मानना है कि राज्य में हमारे बिना एक स्थिर सरकार नहीं चल सकती है।" उन्होंने कहा, "हमारी किसी से कोई चर्चा नहीं है, लेकिन राज्य में कोई भी हमारे बिना एक स्थिर सरकार प्रदान नहीं कर सकता है।"
बीजेपी ने कल से तीन बैठकें की हैं। इन बैठकों में विधानसभा में निर्वाचित विधायकों और निर्दलीय विधायकों के साथ चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सबसे ज्यादा वोट मिले। पाटिल ने कहा कि शिवसेना और एनसीपी को नंबर दो के लिए वोट मिले। राज्य में सबसे अधिक महिला विधायक, एससी-एसटी विधायक, भाजपा के ही हैं।
इससे पहले नारायण राणे ने भी सरकार बनाने का दावा करते हुए कहा था, "पार्टी राज्य में सरकार बनाने की कोशिश करेगी। इस दिशा में देवेंद्र फडणवीस सभी प्रयास कर रहे हैं।" राणे ने कहा था, "महाराष्ट्र में बीजेपी की सरकार बनाने के लिए उन्हें जो कुछ करना पड़ेगा वो करने के लिए तैयार हैं।" उन्होंने कहा कि "वो जब भी राज्यपाल के पास जाएंगे 145 विधायकों का नाम लेकर जाएंगे। नारायण राणे ने कहा, "शिवसेना ने ही उन्हें साम-दाम दंड भेद सिखाया है।"
बता दें कि महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे 24 अक्टूबर को घोषित किए गए थे, लेकिन अब तक कोई भी पार्टी राज्य में सरकार का गठन नहीं कर पाई है। इसी के चलते राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया है। चुनाव में भाजपा ने 105 सीटें, शिवसेना ने 56, शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने 54 और कांग्रेस ने 44 सीटें जीतीं। शिवसेना और भाजपा ने 288 सदस्यीय विधानसभा की 161 सीटों पर जीत हासिल कर 145 के बहुमत के आंकड़े को आसानी से पार कर लिया है, लेकिन दोनों के बीच सीएम पद को लेकर सहमति नहीं बन पाई।
Created On :   15 Nov 2019 5:17 PM IST