जम्मू-कश्मीर में बड़ा हादसा, खाई में गिरी सेना की एंबुलेंस, दो जवानों की मौत, 2 घायल

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में एलओसी के पास सेना की एंबुलेंस खाई में गिर गई। 29 अप्रैल की दोपहर हुए इस भीषण हादसे में दो जवानों की मौत जबकि 2 जवान घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही दमकल की एक टीम हादसास्थल पर पहुंची और मृत व घायल जवानों को बाहर निकाला। जानकारी के मुताबिक तीनों घायल जवानों को इलाज के लिए राजौरी स्थित सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
200 फीट गहरी खाई में गिरी एंबुलेंस
जम्मू-कश्मीर के राजौरी स्थित केरी सेक्टर में सेना की एंबुलेंस सड़क से फिसलकर 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो जवानों की मौत हो गई। मरने वाले जवानों में से एक जवान बिहार के रहने वाले सुधीर कुमार हैं जबकि दूसरे राजौरी के परमवीर सिंह हैं।
बता दें कि बीते साल दिसंबर में सिक्किम में भी ऐसा ही एक हादसा हुआ था। जहां आर्मी का एक ट्रक खाई में गिर गया था। राज्य के जेमा में हुए इस हादसे में ट्रक में सवार 16 जवानों की मौत हो गई थी। हादसे के बारे में जानकारी देते हुए आर्मी ने बताया था कि चटन से थंगू की ओर जा रहा जवानों से भरा ट्रक मोड़ पर फिसल गया और सीधे खाई में जा गिरा। सेना के बचाव दल ने 4 घायल जवानों को एयरलिफ्ट करके अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके अलावा पिछले साल नवंबर में ही जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में गश्त पर निकले 56 राष्ट्रीय रायफल्स के पांच जवान हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे। यहां के माछिल इलाके में हुए इस हादसे में 5 जवान बर्फ के नीचे दब गए थे। जिनमें से 2 जवानों को सुरक्षित निकाल लिया गया था। जबकि अन्य तीन की मौत हो गई थी।
Created On :   29 April 2023 4:03 PM IST