फ्रांस ने कहा, भारत को मिले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थाई सदस्यता

डिजिटल डेस्क, पेरिस। भारत समेत जर्मनी, ब्राजील और जापान को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता दिलाने पर फ्रांस ने जोर दिया है। फ्रांस ने कहा कि इन देशों को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता मिलना बेहद जरूरी है। फ्रांस ने इन देशों को संयुक्त राष्ट्र परिषद की स्थायी सदस्यता दिलाने को अपनी प्राथमिकता भी बताया है।
संयुक्त राष्ट्र में स्थायी सदस्य फ्रांस के राजदूत फ्रांसुआ डेलातर ने कहा कि "पॉलिसी के संदर्भ में फ्रांस और जर्मनी के पास मजबूत पॉलिसी है जो यूएन के विकास के लिए साथ मिलकर काम करते हैं। जर्मनी को स्थायी सदस्यता मिलनी चाहिए, ताकि हम दुनिया को बेहतर ढंग से दर्शाने का काम कर सकें। हम इसे बेहद जरूरी समझते हैं। डेलातर ने जोर देकर कहा कि फ्रांस का मानना है "जर्मनी, जापान, भारत, ब्राजील और विशेष रूप से अफ्रीका का प्रतिनिधित्व बेहद जरूरी है। यह हमारे लिए प्राथमिकता का विषय है।" उन्होंने कहा कि यूएन सिक्युरिटी काउंसिल में लंबे समय से भारत स्थायी सदस्यता हासिल करने की कोशिश कर रहा है। सही मायने में वह इसका हकदार भी है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने इस साल यूएन की सदस्यता में समानता के प्रतिनिधित्व और वृद्धि के सवाल पर प्लेनरी की अनौपचारिक बैठक में भारत की स्थायी सदस्यता को लेकर बात रखी थी। अकबरुद्दीन ने कहा था यूएन में सदस्य देशों की संख्या बढ़ाए जाने को लेकर 90 प्रतिशत से ज्यादा आवेदक एकमत है। यूएन में सदस्य देशों की संख्या बढ़ाए जाने को लेकर 122 मेंबर स्टेट्स ने फ्रेमवर्क डॉक्यूमेंट में अपने पोजिशन क्लियर की थी जिसमें से 113 मेंबर स्टेट्स सदस्य देशों की संख्या बढ़ाए जाने के पक्ष में थे।
Created On :   7 May 2019 9:37 PM IST