फीचर फोन: Nokia 220 4G 2024 और Nokia 235 4G 2024 भारत में हुए लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर्स

Nokia 220 4G 2024 और Nokia 235 4G 2024 भारत में हुए लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर्स
  • Nokia 220 4G 2024 की कीमत 3,249 रुपए है
  • Nokia 235 4G 2024 की कीमत 3,749 रुपए है
  • फोन में 2.8 इंच की QVGA IPS LCD डिस्प्ले है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एचएमडी ग्लोबल (HMD Global) ने भारतीय बाजार में दो नए फीचर फोन को लॉन्च कर दिया है। इनका नाम नोकिया 220 4G (Nokia 220 4G 2024) और नोकिया 235 4G 2024 (Nokia 235 4G 2024) है। खासियत यह कि, फीचर फोन होने के बावजूद इनमें UPI ट्रांजेक्शन के साथ-साथ क्लाउड ऐप्स का भी सपोर्ट दिया गया है।

इनमें 2.8 इंच की IPS LCD डिस्प्ले और 9.8 घंटे तक की बैटरी लाइफ के साथ कई बेहतरीन फीचर्स दिए गए हैं। दोनों फीचर फोन ई- कॉमर्स साइट अमेजन और HMD इंडिया की वेबसाइट के साथ-साथ ऑफलाइन रिटेल स्टोर पर उपलब्ध हैं। आइए जानते हैं इनकी कीमत और स्पेसिफिकेशन...

Nokia 220 4G 2024 और Nokia 235 4G 2024 की कीमत

भारत में नोकिया 220 4G 2024 को 3,249 रुपए की कीमत में लॉन्च किया गया है और यह ब्लैक और पीच कलर में उपलब्ध है। वहीं नोकिया 235 4G 2024 की कीमत 3,749 रुपए है, जो कि तीन शेड्स - ब्लैक, ब्लू और पर्पल में आता है।

Nokia 220 4G 2024 और Nokia 235 4G 2024 के स्पेसिफिकेशन

दोनों ही फीचर फोन में 2.8 इंच की QVGA IPS LCD डिस्प्ले दी गई है। फोन S30+ ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलते हैं और इनमें Unisoc T107 चिपसेट दिया गया है। दोनों ही फोन में 3.5 मिमी ऑडियो जैक हैं और ये MP3 प्लेयर सपोर्ट के साथ वायर्ड और वायरलेस FM रेडियो कनेक्शन दोनों को सपोर्ट करते हैं।

दोनों ही हैंडसेट में 64MB रैम और 128MB इनबिल्ट स्टोरेज मिलती है। माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए इनकी स्टोरेज को 32GB तक बढ़ाया जा सकता है। दोनों फोन में 1,450mAh की रिमूवेबल बैटरी है और इसमें USB टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट हैं। हैंडसेट के बारे में दावा किया जाता है कि यह 9.8 घंटे तक की बैटरी लाइफ देता है।

दोनों ही फोन में नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा स्वीकृत UPI एप्लिकेशन इंस्टॉल आती है। इसी के साथ इनमें इनबिल्ट क्लाउड ऐप्स के जरिए YouTube शॉर्ट्स और YouTube म्यूजिक आदि का सुविधा मिलती है। नोकिया 220 4G 2024 में बैक पैनल पर एक एलईडी टॉर्च है, जबकि नोकिया 235 4G 2024 में 2-मेगापिक्सल का रियर कैमरा सेंसर है।

Created On :   26 Jun 2024 12:25 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story