Karnataka DGP Murder Case: पत्नी ने की कर्नाटक के पूर्व डीजीपी की हत्या, खाना खाते समय आंखों पर फेंका मिर्ची पावडर, फिर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

- सुलझी कर्नाटक डीजीपी मर्डर केस की गुत्थी
- पत्नी ही निकली मर्डरर
- संपत्ति को लेकर दोनों में कई बार हो चुका था झगड़ा
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक के पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश के मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है। न्यूज एजेंसी पीटीआई की खबर के मुताबिक पुलिस सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आई है कि पत्नी पल्लवी ओम प्रकाश की हत्या की प्रमुख संदिग्ध है। घटना के वक्त ओम प्रकाश खाना खा रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच झगड़ा हुआ। यह इतना बढ़ गया कि पत्नी ने उनकी हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पत्नी ने पहले डीजीपी के चेहरे पर मिर्ची पाउडर फेंका, जब वह जलन के मारे यहां वहां भाग रहे थे तो पल्लवी ने उनकी गर्दन, पेट और छाती पर चाकू से 10-12 वार किए। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि पल्लवी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हालांकि अभी इसकी ऑफिशियल पुष्टि नहीं हुई है। इस वारदात के दौरान बेटी कृति भी वहीं मौजूद थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि हत्या के बाद एक अन्य आईपीएस ऑफिसर की पत्नी को मैसेज किया, 'एक राक्षस को खत्म कर दिया'। बाद में पल्लवी ने उन्हें फोन कर बताया कि उसने ओम प्रकाश की हत्या कर दी है। इसके बाद आईपीएस ऑफिसर ने ही पुलिस को सूचना दी।
बेटे कार्तिकेश की शिकायत पर पूर्व डीजीपी की पत्नी और बेटी कृति पर हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्तिकेश का आरोप लगाया है कि उसकी मां पल्लवी बीते एक सप्ताह से पिता को जान से मारने की धमकी दे रही थी। जिसकी वजह से पिता अपनी बहन के घर रहने चले गए थे। कार्तिकेश ने बताया कि दो दिन पहले छोटी बहन कृति वहां गई और पिता को उनकी मर्जी के खिलाफ वापस ले आई। दोनों अक्सर पिता से झगड़ती थीं। कार्तिकेश ने मां और बहन पर पिता की हत्या की शंका जाहिर की है।
इससे पहले कार्तिकेश ने एक टीवी चैनल को बताया था कि मां पल्लवी गंभीर मानसिक बीमारियों से जूझ रही हैं। उनका 12 साल से सिजोफ्रेनिया (भ्रम, डर लगने की बीमारी) का इलाज चल रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया है कि डीजीपी और उनकी पत्नी के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था। दरअसल, ओमप्रकाश ने प्रॉपर्टी किसी रिश्तेदार को ट्रांसफर कर दी थी, जिसके बाद से दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था।
Created On :   21 April 2025 10:37 PM IST