ऑक्शन खत्म अब कप्तान चुनने की बारी, जानिए कौन संभाल सकता है किस टीम की कमान?

- मार्च के आखरी हफ्ते में आगामी सीजन की शुरुआत हो सकती है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2022 की लगभग तैयारियां पूरी हो चुकी है। 12 और 13 फरवरी को मेगा ऑक्शन में 10 फ्रैंचाइजीयों ने कुल 204 खिलाड़ी खरीदे लिए हैं, अब इंतजार है तो बस टूर्नामेंट का। अभी तक आईपीएल 2022 की कोई आधिकारिक तारीख नहीं नहीं आई है, लेकिन मार्च के आखिरी हफ्ते में आगामी सीजन की शुरुआत हो सकती है।
फ्रैंचाइजियों ने नीलामी में अपनी टीमें तो तैयार कर ली है, लेकिन उनकी टीम की कमान कौन संभालेगा इसका फैसला होना अभी बाकी है। तो आइये एक नजर डालते है उन नामों पर, जिन्हें फ्रैंचाइजी मैदान पर टीम की जिम्मेदारी सौंप सकती हैं।
1. रॉयल चैलेंजर बैंगलोर
पिछले सीजन में विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद टीम को एक कप्तान की तलाश है। हालांकि, आरसीबी ने फाफ डू प्लेसिस को 7 करोड़ में अपने साथ जोड़ा है और मैक्सवेल को रिटेन किया था, अब कयास लगाए जा रहे है कि आरसीबी मैनेजमेंट मैक्सवेल या डू प्लेसिस को यह जिम्मेदारी सौंप सकता है।
2. कोलकाता नाइट राइडर्स
नीलामी में श्रेयस अय्यर का नाम आते ही पूरे हॉल में बिडिंग वॉर शुरू हो गया था, क्योंकि श्रेयस ना सिर्फ एक वर्ल्ड क्लास बल्लेबाज है, उनमे एक अच्छे कप्तान के भी सारे गुण है, जो वह पिछले आईपीएल सीजनों में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हुए दिखा चुके है। अब केकेआर ने उन्हें 12.25 करोड़ में अपने साथ जोड़ा है तो जाहिरतौर पर उन्हें मैनेजमेंट बड़ी जिम्मेदारी दे सकता है।
3. पंजाब किंग्स
राहुल के लखनऊ सुपर जायंट्स में चले जाने के बाद से पंजाब को भी कप्तान की तलाश है। फ्रैंचाइजी ने शिखर धवन को 8. 25 करोड़ में अपने साथ जोड़ा है, जिन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
4. गुजरात टाइटंस
पहली बार मैदान पर उतरने जा रही ने गुजरात टाइटंस ने हार्दिक पंड्या को 15 करोड़ रुपए में खरीदकर अपनी टीम का कप्तान बनाया है। हार्दिक पिछले सीजन तक मुंबई इंडियंस के लिए खेलते थे।
5. लखनऊ सुपर जायंट्स
पिछले सीजन तक पंजाब किंग्स की कमान संभालने वाले केएल राहुल को इस बार नई टीम लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। राहुल सीजन के सबसे महंगे प्लेयर हैं, उन्हें लखनऊ ने 17 करोड़ रुपए में खरीदा है।
6. चेन्नई सुपर किंग्स
आईपीएल इतिहास में सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर से अपनी टीम के कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। सूत्रों की मानें तो माही इस सीजन में कप्तानी छोड़ सकते हैं। जिसके बाद उनकी जगह 16 करोड़ रुपए में रिटेन किए गए रवींद्र जडेजा को कमान सौंपी जा सकती है, ताकि वह भविष्य के लिए तैयार हो सकें। हालांकि, अभी इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
7. दिल्ली कैपिटल्स
पिछले साल श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के बाद दिल्ली की कप्तानी संभालने वाले रिषभ पंत, इस साल भी टीम के लिए मैदान पर वहीं जिम्मेदारी संभालते हुए नजर आएंगे। दिल्ली ने उन्हें 16 करोड़ रुपये में रिटेन किया है।
8. संजू सैमसन
राजस्थान रॉयल्स की कमान एक बार फिर से विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के हाथों में होगी। राजस्थान ने संजू सैमसन को 14 करोड़ में रिटेन किया है।
9. सनराइजर्स हैदराबाद
पिछले साल बीच टूर्नामेंट में हैदराबाद की फ्रैंचाइजी ने डेविड वार्नर से कप्तानी लेकर केन विलियमसन को सौंपी थी और इस साल भी केन ही टीम का नेतृत्व करते हुए नजर आएंगे। फ्रैंचाइजी ने विलियमसन को 14 करोड़ रुपए में रिटेन किया है।
10. रोहित शर्मा
अपनी कप्तानी में मुंबई को पांच बार खिताब दिला चुके रोहित इस बार भी मुंबई की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। रोहित को इस बार मुंबई टीम ने 16 करोड़ रुपए में रिटेन किया है।
Created On :   14 Feb 2022 1:47 PM IST