आईपीएल 2024: टूर्नामेंट शुरू होने से पहले मुंबई इंडियंस के लिए आई बुरी खबर, फिटनेस टेस्ट में फेल हुए सूर्यकुमार यादव, वापसी को लेकर संशय

- आईपीएल से पहले मुंबई इंडियंस को लगा झटका
- फिटनेस टेस्ट में हुए फैल
- 21 मार्च को होगा एक और टेस्ट
डिजिटल डेस्क, भोपाल। आईपीएल सीजन 17 शुरू होने से पहले मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लग सकता है। मुंबई इंडियंस की बैटिंग यूनिट के प्रमुख खिलाड़ी रहे सूर्यकुमार यादव अभी पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं। जिसके कारण आईपीएल 2024 के शुरुआती मैचों से वह बाहर रह सकते हैं। इस बीच सूर्यकुमार यादव आईपीएल के इस सीजन के लिए कब तक उपल्बध हो पाएंगे उसकी भी तारीख सामने आ गई है।
कैसे चोटिल हुए सूर्यकुमार?
दरअसल, सूर्यकुमार यादव साल 2023 के दिसंबर महीने में हुए दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान चोटिल हो गए थे। चोट के कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा था। सीरीज से बाहर होने के बाद सूर्या का हार्निया का ऑपरेशन हुआ जिसके बाद वह रिकवरी कर रहे थे। आईपीएल 2024 शुरु होने से पहले सूर्यकुमार का एनसीए(राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) में फिटनेस टेस्ट हुआ जिसमें वह फेल हो गए। इस पर उन्होंने मंगलवार को खुद अपने इंस्टाग्राम पर टूटे हुए दिल की इमोजी शेयर की थी। जिसके बाद ऐसा माना जा रहा है कि सूर्यकुमार अब आईपीएल 2024 के पूरे सीजन से बाहर हो सकते हैं।
सूर्यकुमार पर कब आएगा फैसला?
एक निजी न्यूज चैनल की खबर के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव पहली बार एनसीए में फिटनेस टेस्ट पास करने में असफल हो गए थे। इसके बाद अब उनका दूसरा फिटनेस टेस्ट 21 मार्च को होगा। यदि वह इस टेस्ट को पास नहीं कर पाते हैं तो उनका आईपीएल 2024 में खेलना मुश्किल हो जाएगा।
सूर्यकुमार का बाहर होना मुंबई के लिए कितना बड़ा झटका?
बता दें कि सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हैं। बतौर बल्लेबाज सूर्या ने मुंबई के मिडल ऑर्डर को संभाला है। उन्होंने मुंबई के लिए कई अहम मैचों में एक फिनिशर का रोल भी अदा किया है। सूर्यकुमार के आईपीएल करियर को देंखें तो उन्होंने अब तक कुल 139 मैच खेले हैं। जिसमें उन्होंने कुल 3249 रन बनाए हैं। उनके नाम 103 रनों की नाबाद शतकीय पारी भी दर्ज है। टी20 क्रिकेट में सूर्यकुमार अपनी 360 डिग्री बल्लेबाजी के लिए भी फेमस हैं। ऐसे में उनका अब तक पूरी तरह से फिट नहीं होना मुंबई के लिए बड़ा झटका हो सकता है।
Created On :   20 March 2024 7:56 PM IST