वारदात: मोबाइल रिचार्ज करवाने गए और घर लौटी लहूलुहान लाश, वर्धा नदी के तट पर मिला शव

मोबाइल रिचार्ज करवाने गए और घर लौटी लहूलुहान लाश, वर्धा नदी के तट पर मिला शव
  • अज्ञात व्यक्ति ने तेज हथियार से निर्मम हत्या की
  • खरीदी कर पुत्र जब घर लौटा तब पिता दिखाई नहीं दिए

डिजिटल डेस्क, तलेगांव, श्यामजीपंत. मोबाइल रिचार्ज करवाने के लिए भारसवाड़ा में गए 56 वर्षीय व्यक्ति की अज्ञात व्यक्ति ने तेज हथियार से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। घटना 27 मई की रात में उजागर हुई। मृतक का नाम नमस्कारी गांव निवासी बाबाराव महादेवराव पारिसे बताया जाता है। उनका शव वर्धा नदी तट परिसर में पाया गया। तलेगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार सोमवार को नमस्कारी गांव समीप भारसवाड़ा में बाजार था। नमस्कारी व भारसवाड़ा गांव के समीप वर्धा नदी का तट है। इस गांव में साप्ताहिक बाजार होने से आसपास के गांव के नागरिक यहां खरीदारी करने आते हैं। इस कारण नमस्कारी निवासी बाबाराव पारिसे के पुत्र भी बाजार करने के लिए भारसवाड़ा गए थे। रात में खरीदी कर पुत्र जब घर लौटा तब पिता दिखाई नहीं दिये। इससे उसने मां से पिता के बारे में पूछताछ की तो मां ने बताया कि वह मोबाइल रिचार्ज करवाने के लिए गए है। काफी समय बीतने के बाद भी बाबाराव पारिसे घर नहीं लौटे तो पत्नी नदी के तट तक देखने के लिए गई। परंतु वह दिखाई नहीं दिए तो पुत्र को पिता की खोज में भेज दिया।

पुत्र अपने एक रिश्तेदार के साथ पैदल रास्ते से पिता को खोजने के लिए गया तो वर्धा नदी तट परिसर में बाबाराव पारिसे खून से लथपथ अवस्था में पाए गए। उनके चेहरे, गाल पर तीक्ष्ण हथियार के वार दिखाई दिये। घटना की जानकारी तुरंत तलेगांव पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही थानेदार संदीप धोबे व टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पंचनामा कर शव कब्जे में लिया गया। इस प्रकरण में तलेगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।

पुलिस अज्ञात व्यक्ति की खोज कर रही है। घटनास्थल पर डाक्टर सागर कवले, पुलिस अधिकारी चव्हाण ने भेंट दी। आगे की जांच पुलिस अधीक्षक नुरुल हसन के नेतृत्व में तलेगांव के थानेदार संदीप धोबे, पीएसआई श्याम सोनपर्वते कर रहे हैं। घटना से चारो ओर बवाल मचा हुआ है। गांव में दहशत व्याप्त है। आरोपी को शीघ्र खोजने की मांग की जा रही है।

Created On :   29 May 2024 12:31 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story