- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- वर्धा
- /
- बदरीले मौसम के कारण रबी की फसल संकट...
Wardha News: बदरीले मौसम के कारण रबी की फसल संकट में, वर्धा जिले के किसान परेशान

- कोहरे के कारण भी हो रहा नुकसान
- बादल छटने व धूप खिलने की आस में किसान
Wardha News जिले के किसान कुछ वर्ष से पहले ही कम पैदावार का सामना कर रहे हैं। उसी में फसल को वाजिब दाम नहीं मिल रहे हंै। इस साल भी खरीफ की फसल का बड़े पैमाने पर नुकसान हो गया है। इस कारण किसानों को रबी की फसल से बड़ी आशा थी, लेकिन कुछ दिनों से लगातार बदरीला मौसम रहने के कारण रबी की फसल पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। साथ ही सुबह के समय घना कोहरा रहने से फसल मुरझा गई है। लिहाजा बादल छटने व धूप खिलने की आस में किसान बैठे हैं।
जिले के किसानों को हमेशा ही मौसम की चंचलता के कारण नुकसान उठाना पड़ रहा है। गत तीन से चार साल से खरीफ के मौसम में सोयाबीन व कपास की फसल का नुकसान हो रहा है। इस वर्ष भी बड़े पैमाने पर खरीफ के मौसम में सोयाबीन व कपास की फसल का नुकसान हुआ है। गत वर्ष बारिश देरी से होने से खरीफ का मौसम देरी से आरंभ हुआ। कई किसानों को दोबारा बुआई करनी पड़ी थी। उसके बाद वापसी की बारिश से बड़े पैमाने पर सोयाबीन व कपास की फसल को नुकसान पहुंचाया। उत्पादन कम होने के बावजूद फसल की क्वॉलिटी अच्छी नहीं होने से बाजार में योग्य दाम नहीं मिल रहे हैं। यहां तक कि सोयाबीन को नाफेड़ की ओर से व कपास को सीसीआई द्वारा गारंटी मूल्य के तहत दाम नहीं दिया जा रहा है।
इस कारण किसान औने-पौने दाम पर व्यापारियों को अपना माल बेचकर खर्चा चला रहे हैं। इसी में नवंबर व दिसंबर महीने में हुई बेमौसम बारिश के कारण तुअर की फसल का भी नुकसान हुआ है। लिहाजा रबी के मौसम की गेहूं, चना व सब्जियों की फसल से किसानों को बड़ी आशा थी, लेकिन इस बार रबी की फसल भी संकट में दिख रही है। दिसंबर महीने में बारिश होने के आसार नजर आ रहे थे। उसके बाद कई दिनों तक बदरीला मौसम था। घने काेहरे के कारण भी रबी के मौसम की गेहंू व चना की फसल संकट में आयी थी लेकिन जल्द ही धूप खिलने व मौसम साफ रहने के कारण फसल बहार पर थी। अब जनवरी महीने में गत दो दिन से लगातार बदरीला मौसम है। साथ ही सुबह के समय घना कोहरे के कारण गेहंू व चना की फसल संकट में आ गई है। इसका विपरित परिणाम फसल पर हो रहा है। फसल पर फंगस के साथ ही अन्य बीमारियां हो रही है।
जिन किसानों ने दो बार कीटनाशक का छिड़काव किया है। उनके खेत की फसल बेहतर स्थिति में है, लेकिन जिन्होंने कीटनाशक का छिड़काव नहीं किया है। उन किसानों में अस्वस्थता नजर आ रही है। उपज को वाजिब दाम नहीं मिलने के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इस वर्ष बदरीले मौसम के कारण रबी की फसल संकट में आने के कारण किसानों की स्थिति दयनीय हो सकती है। सरकार को किसानों के लिए विशेष पैकेज घोषित करने की मांग की जा रही है।
Created On :   16 Jan 2025 3:41 PM IST