Wardha News: अलग - अलग हादसों में पांच लोगों ने गंवाई जान, परिवारों में पसरा मातम

अलग - अलग हादसों में पांच लोगों ने गंवाई जान, परिवारों में पसरा मातम
  • कंपाउंड का करंट लगने से किसान की मौत
  • टीन के स्टोर रूम में मजदूर को लगा करंट
  • पेड़ से दोपहिया टकराई, युवा किसान ने तोड़ा दम

Wardha/Yavatmal News : दोनों जिलों में शुक्रवार और शनिवार को अलग-अलग हुए हादसों में पांच लोगों ने जान गंवाई। तीन हादसे वर्धा जिले के आलोड़ी, रिधोरा, धनोड़ी बहादुरकर गांव में हुए तो दो हादसे यवतमाल जिले के पांढरकवड़ा और वणी में हुए। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल पर एक छात्र की मौत हो गई तो दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना शुक्रवार 11 अक्टूबर को ग्राम दहेली तांडा के पास घटी। मृतक युवक का नाम तन्मय चव्हाण(17) निवासी दहेली तांडा बताया गया है। तो घायल का नाम मयंक चव्हाण(17) बताया गया है। सूत्रांे से मिली जानकारी अनुसार तन्मय और मयंक यह दोनो पांढरकवड़ा के मोघे महाविद्यालय में 11 की कक्षा में अध्ययनरत थे। जिससे वे रोज ग्राम दहेली तांडा से पांढरकवड़ा जाते थे। शुक्रवार को तन्मय एमएच 29 बीएल 7723 नंबर के मोटरसाइकिल से पांढरकवड़ा की शाला में गया था। जिसके बाद तन्मय और मयंक उसी शाम को उक्त दोपहिया से वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान दहेली तांडा के पास किसी वाहन ने उनके दोपहिया को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में तन्मय और मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनो को पांढरकवड़ा के उपजिला अस्पताल में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने तन्मय को मृत घोषित किया। तो मयंक पर उपचार जारी है। घटना की शिकायत शंकर चव्हाण ने पांढरकवड़ा थाने में दी। उक्त शिकायत पर से पुलिस ने अज्ञात वाहन केच चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

कंपाउंड का करंट लगने से किसान की मौत

उधर वणी के खेत में फसल को बचाने के लिए कंपाउंड को लगाए गए करंट लगने से एक किसान की मौत हुई है। मृतक किसान का नाम विठ्ठल आनंद जुनघरी (40) निवासी नेरड(पु.) बताया गया है। यह घटना वणी तहसील के नेरड में शुक्रवार की रात सामने आयी है। विठ्ठल बैल का चारा लाने के लिए खेत में गए थे। गाड़ी में चारा भरने तक बैलों को चरने के लिए छोड़ दिया था। जिससे बैल नाले के तरफ निकल गए। बैल को ढूंढते-ढूंढते वे कुचनकर के खेत की ओर जा रहे थे। उनके खेत के कंपाउंड के तार में बिजली का करंट छोड़ा गया था। उसको स्पर्श होतेही उनकी घटना स्थल पर मौत हो गई। दोपहर में खेत में गए विठ्ठल अभीतक क्यो नहीं लौटे इस खोज में उनका परिवार खेत में पहुंचा तो वे जमीन पर पड़े मिले। घटनास्थल की जानकारी गांव में फैलतेही ग्रामवासी पहुंचे। मुकूटबन थाने को सूचित किया गया। जिससे उन्होने शव का पंचनामा कर वणी ग्रामिण अस्पताल भेज दिया।

टीन के स्टोर रूम में मजदूर को लगा करंट

वर्धा में टीन के स्टोअर रूम में कपड़े बदलते समय करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। घटना सेवाग्राम पुलिस थाना हद के आलोड़ी स्थित अंजना माता मंदिर परिसर में 12 अक्टूबर को हुई। मृतक का नाम सेलू के कनापुर निवासी आकाश सुनील उरकुडे (30) बताया गया है। मिली जानकारी के अनुसार अंजना माता मंदिर परिसर निवासी भाग्यश्री मनोज मेखंडे के मकान का निर्माणकार्य शुरू है। यहां आकाश उरकुडे मजदूर के तौर पर काम पर था। काम खत्म होने के बाद वो घर समीप होनेवाले स्टोअर रूम में कपड़े बदलने के लिए गया। इस दौरान इलेक्ट्रिक वायर का करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी सेवाग्राम अस्पताल को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया। इस प्रकरण में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच सेवाग्राम पुलिस कर रही हैं।

पेड़ से दोपहिया टकराई, युवा किसान ने तोड़ा दम

वर्धा में घर का सोयाबीन आर्वी में बेचने गए किसान की दोपहिया पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में युवा किसान की मौत हो गई। घटना आर्वी पुलिस थाना अंतर्गत धनोड़ी बहादुरकर गांव में 12 अक्टूबर को सामने आयी। मृतक का नाम बेल्हारा निवासी अनूप रमेशराव चौधरी (29) बताया गया है। मिली जानकारी के अनुसार अनूप अविवाहित होकर खेती व्यवसाय करता था। 11 अक्टूबर को दोपहर 11 बजे सोयाबीन के 16 से 17 बोरे वाहन में भरकर कृषि उपज बाजार समिति आर्वी में बिक्री के लिए लेकर गया था। वाहन के साथ वो अपनी दोपहिया एमएच 32 यू 7098 क्रमांक से गया था। परंतु शाम 5 बजने के बाद भी अनूप घर नहीं लौटा। परिजनों द्वारा मोबाइल पर संपर्क करने के बाद भी कॉल नहीं उठा रहा था। जिससे अनूप के पिता रमेश चौधरी ने कृषि उपज बाजार समिति के दलाल मनु गांधी को कॉल लगाया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि सोयाबीन के माल का कांटा हुआ है लेकिन आपका पुत्र अनूप चौधरी मार्केट में मौजूद ही नहीं है। जिससे पूरा परिवार डर गया। परिजनों ने रातभर परिसर में खोजबीन की। लेकिन उसका पता नहीं चला। अंतत: आर्वी पुलिस थाना में लापता होने की शिकायत दर्ज की गई। इस दौरान 12 अक्टूबर की सुबह 9 बजे के दौरान आर्वी-पुलगांव रोड के धनोड़ी बहादुरपुर गांव समीप रोड के किनारे अनूप पड़ा होने की बात सामने आयी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। जहां रोड से 10 फूट दूरी पर होनेवाले एक बबूल के पेड़ से दोपहिया टकराकर अनूप मृत होने की बात सामने आयी। जाते समय दोपहिया स्लिप होकर बबूल के पेड़ से टकरायी, जिसमें उसकी मौत होने की शिकायत आर्वी पुलिस थाना में की गई। आर्वी पुलिस ने इस प्रकरण में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया। आगे की जांच जारी है।

नाले में डूबा शराबी

इसके अलावा नाले में डूबने से शराबी की मौत हो गई। घटना सेलु पुलिस थाना हद के रिधोरा में 12 अक्टूबर को सामने आयी। मृतक का नाम निरंजन देविदास घोड़ाम (33) बताया जा रहा है। मृतक शराब का आदी था। इसी आदत के चलते पत्नी व पुत्र छोड़कर चले गए थे। जिसके बाद वो अधिक शराब पीने लगा। शराब के नशे में ही वो रिधोरा नाले में गिर गया। जिसमें उसकी मौत हो गई। इस प्रकरण में सेलु पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।

Created On :   14 Oct 2024 2:54 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story