विभिन्न हादसों में चार लोगों ने गंवाई जान

विभिन्न हादसों में चार लोगों ने गंवाई जान
  • चार लोगों ने गंवाई जान
  • विभिन्न हादसों में तोड़ा दम

डिजिटल डेस्क, वर्धा/यवतमाल। दोनों जिले के लिए बुधवार को हुए अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसे वर्धा जिले की हिंगणघाट तहसील और यवतमाल जिले की यवतमाल और वणी तहसील में हुए।

हिंगणघाट के लक्ष्मी मंगल कार्यालय के सामने स्थित मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर में बुधवार सुबह साइकिल से ट्यूशन जा रहे एक 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक का नाम आंजती निवासी कुणाल देवानंद भसमे बताया जाता है।

जानकारी के अनुसार, आंजती निवासी कुणाल डॉ. बीआर आंबेडकर स्कूल के आठवीं कक्षा का विद्यार्थी था। बुधवार सुबह 7 बजे कुणाल साइकिल से ट्यूशन जाने के लिए निकला था। शहर के लक्ष्मी मंगल कार्यालय के पास स्थित मोड़ पर मुड़ते समय अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कुणाल की साइकिल को टक्कर मार दी। घटनास्थल पर मौजूद नागरिक उसे उपजिला अस्पताल ले गए। जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से आंबेडकर स्कूल के साथ आंजति परिसर में शोक व्याप्त है। हिंगणघाट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कार की टक्कर से बाइक सवार की गई जान

यवतमाल से दारव्हा रास्ते पर वारज के पास दोपहिया और कार की आमने सामने से टक्कर हो गई। जिसमें दोपहिया स्वार की घटनास्थल पर मौत हो गई। यह घटना रात 8 बजे घटी। मृतक का नाम निलेश नारनवरे (27) निवासी मोझर तहसील नेर बताया गया है। घटना के समय नितेश उसकी दोपहिया नं.एमएच 29 बीव्ही 9734 से यवतमाल से दारव्हा जा रहा था। तिवसा गांव के पास यह दोनों वाहन एक दूसरे से टकराए। इससे नितेश गंभीर रूप से घायल हुआ। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना की जानकारी लाडखेड पुलिस को देने पर उन्होंने घटनास्थल आकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। इसमें कार नं.एमएच 33 एम 9606 है। इसमें कार चालक के खिलाफ भादंवि की धारा 279, 304अ के तहत अपराध दर्ज किया है।

दोपहिया फिसलने से चालक की मौत

वणी में तेज रफ्तार दोपहिया अनियंत्रित होकर फिल जाने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दोपहिया चालक गंभीररूप से घायल होने से उसकी मौत हो गई। यह घटना हाल ही में वणी के मिलन होटल के पास सोना माता मंदिर परिसर में घटी। मृतक व का नाम सोमनाला निवासी हरिदास घुगुल (56) है। हरिदास एमएच 29 झेड 6041 नंबर की दोपहिया से जा रहा था। तभी उक्त स्थान पर दोपहिया अनियंत्रित होने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में हरिदास गंभीरूप से घायल होने स उसकी मौत हो गई। सोमनाला निवासी आशीष घुगुल (33) की शिकायत पर पुलिस ने मृतक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ट्रेन की टक्कर से महिला की मृत्यु

वणी की नायगांव निवासी वृद्धा की ट्रेन की टक्कर में मौत हो गई। मृतका का नाम तुलसाबाई बापूराव वरपटकर(72) है। बुधवार सुबह सात बजे के दरम्यान नायगांव की रेल पटरी पर उसका शव लहूलुहान अवस्था में दिखाई दिया। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से तुलसाबाई बिना किसी को बताए कहीं भी चली जाती थी। बुधवार तड़के भी वह घर से निकली थी। सुबह 7 बजे उसका शव रेल पटरी पर दिखाई दिया। नागरिकों के अनुसार रेलगाड़ी की टक्कर लगने से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

Created On :   27 July 2023 12:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story