चुनाव परिणाम: वर्धा की 19 ग्राम पंचायत पर भाजपा, यवतमाल की 17 पर कांग्रेस का कब्जा

वर्धा की 19 ग्राम पंचायत पर भाजपा, यवतमाल की 17 पर कांग्रेस का कब्जा
  • कहीं परिवर्तन की बयार
  • कहीं सत्ता बरकरार

डिजिटल डेस्क, वर्धा/यवतमाल. दोनों जिलों में रविवार को हुए ग्राम पंचायत चुनाव के रुझानों में काफी रोचकता दिखाई दी। वर्धा जिले की 29 और यवतमाल जिले की 37 ग्राम पंचायतों में रविवार को हुए चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित किए गए। इस चुनाव के नतीजों ने सभी को चौंका दिया। रुझाानों में साफ दिखा कि मतदाताओं ने कहीं पर सत्ता परिवर्तन करना पसंद किया तो कहीं पर पुरानी सत्ता को ही बरकरार रखना पसंद किया।

जिले की 29 ग्राम पंचायतों के लिए रविवार को हुए आम चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित किए गए। इस चुनाव में कहीं सत्ता परिवर्तन की बयार बहती दिखाई दी तो कहीं पर सत्ता कायम रही। इस चुनाव में भाजपा ने 19 ग्रापं पर जीत हासिल कर अपना कब्जा जमाया। वहीं कांग्रेस ने तीन, शिवसेना उद्धव गुट ने तीन, राकांपा शरद पवार गुट ने दो तथा दो ग्रापं पर निर्दलीय ने जीत हासिल की। जबकि उपचुनाव में निदर्लीय सरपंच जीतकर आया।

वर्धा तहसील की दो ग्रापं के आम तथा एक ग्रापं में सरपंच पद के लिए उपचुनाव हुए थे। इस चुनाव में कांग्रेस ने एक, भाजपा ने एक ग्रापं पर कब्जा किया तथा उपचुनाव में निर्दलीय ने जीत हासिल की। तहसील के धामणगांव वाठोड़ा में देवली विस के कांग्रेस के विधायक रणजीत कांबले गुट ने जीत हासिल की। नटाला पुनर्वसन में विधायक पंकज भोयर समर्थित पैनल की वर्षा डेहनकर सरपंच पद पर विराजमान हुईं। आष्टी तहसील की 8 में से 6 ग्रापं पर भाजपा ने सत्ता हासिल की। एक ग्रापं पर कांग्रेस तथा एक ग्रापं पर महाविकास आघाड़ी को जीत मिली। सदस्य पद के उपचुनाव में मोई में भाजपा तथा तलेगांव में कांग्रेस का उम्मीदवार विजयी हुआ। समुद्रपुर की सात ग्रापं चुनाव की मतगणना चुनाव अधिकारी तहसीलदार कपिल हाटकर के नेतृत्व में तहसील चुनाव अधिकारी अनूप राऊत, नायब तहसीलदार राजेंद्र सयाम की उपस्थिति में सुबह 10 बजे शुरू हुई।

सात में से राकांपा, कांग्रेस आघाड़ी को तीन, शिवसेना 1, भाजपा 2 व निर्दलीय को एक सीट पर जीत मिली। आर्वी तहसील की सात ग्रापं के लिए हुए आम चुनाव में विधायक दादाराव केचे के नेतृत्व में भाजपा ने सातों ग्राम पंचायत अपने कब्जे में ले ली। यहां विधायक अमर काले को झटका लगा। 53 सदस्यों के लिए हुए चुनाव में 43 भाजपा व 10 कांग्रेस के सदस्य चुनकर आए। देवली तहसील के तहसील के दिघी व बोपापुर ग्रापं के सरपंच व सदस्य पद चुनाव की मतगणना तहसील कार्यालय में हुई। तहसील के दो ग्रापं चुनाव में इस बार भाजपा का सफाया हुआ। बोपापुर में कांग्रेस समर्थित विनोद दांदले पैनल विजयी हुआ। यहां दस वर्ष तक भाजपा की सत्ता थी। दिघी ग्रापं पर युवा संघर्ष मोर्चा के संदीप दिघीकर व पांच सदस्य चुनकर आए। हिंगणघाट तहसील की 9 ग्रापं में से पांच पर भाजपा ने बाजी मारी। जीत के बाद विधायक समीर कुणावार के जनसंपर्क कार्यालय में सभी सरपंच व सदस्यों ने जश्न मनाया।



Created On :   7 Nov 2023 12:15 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story