Shahdol News: नगर पालिका अध्यक्ष बोले, बार-बार कहने के बाद भी कार्रवाई नहीं, अब नोटिस

नगर पालिका अध्यक्ष बोले, बार-बार कहने के बाद भी कार्रवाई नहीं, अब नोटिस
  • अवैध होर्डिंग को सीएमओ का संरक्षण
  • शहर में अवैध होर्डिंग्स से नगर पालिका को आर्थिक नुकसान का मुद्दा भाजपा पार्षद भी पूर्व में कई बार उठा चुके हैं।
  • मार्च क्लोजिंग के बाद अवैध होर्डिंग पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

Shahdol News: नगर पालिका परिषद द्वारा शहडोल शहर में किसी भी व्यक्ति को निजी अथवा सार्वजनिक स्थान पर होर्डिंग लगाए जाने की अनुमति प्रदान नहीं की गई है। नगर पालिका सीएमओ अक्षत बुंदेला द्वारा इस आशय की सार्वजनिक सूचना 24 जुलाई 2024 को जारी करने सात माह बाद भी शहर में सैकड़ों की संख्या में अवैध होर्डिंग तने हैं। नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल का कहना है कि अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई के लिए पूर्व में कई बार सीएमओ को कह चुके हैं। अब लगता है लापरवाही पर नोटिस जारी करना पड़ेगा। शहर में होर्डिंग पर कार्रवाई के मामले में नगर पालिका के उदासीन रवैये के बाद अब यही सवाल उठ रहे हैं कि क्या शहर में अवैध होर्डिंग को सीएमओ का संरक्षण है?

पैसा जमा होने के बाद भी अनुबंध नहीं, क्योंकि अवैध होर्डिंग हटाना पड़ेगा

नगर पालिका द्वारा अवैध होर्डिंग को संरक्षण ऐसे भी समझा जा सकता है कि मेसर्स सिद्धि विनायक बिल्डर्स एंड सप्लायर्स को टेंडर मिला तो चार माह पहले सालाना राशि में पहली किश्त लगभग ढाई लाख रूपए जमा किया। राशि जमा होने के बाद नगर पालिका को अनुबंध करना था और इससे पहले अवैध होर्डिंग हटाकर अनुबंधकर्ता को जगह खाली कर देना है। चार माह में नगर पालिका द्वारा अनुबंध नहीं किया गया। अवैध होर्डिंग्स को हटाने की भी कार्रवाई नहीं हुई।

आर्थिक नुकसान पर भाजपा पार्षद उठा चुके हैं सवाल

शहर में अवैध होर्डिंग्स से नगर पालिका को आर्थिक नुकसान का मुद्दा भाजपा पार्षद भी पूर्व में कई बार उठा चुके हैं। वार्ड क्रमांक 25 के पार्षद प्रकाश सोनी लगभग दस माह पहले नगर पालिका अध्यक्ष से अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई करने की बात कह चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि शहर में खुलेआम अवैध होर्डिंग तने होने के बाद नगर पालिका को टैक्स जमा नहीं हो रहा है तो यह बड़ी लापरवाही है।

मार्च क्लोजिंग के बाद कार्रवाई

अभी 31 मार्च का प्रेशर है। मार्च क्लोजिंग के बाद अवैध होर्डिंग पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

अक्षत बुंदेला, सीएमओ नगर पालिका शहडोल

Created On :   28 March 2025 1:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story