Shahdol News: ईकेवायसी में धनपुरी नगर पालिका पीछे रह रही है

ईकेवायसी में धनपुरी नगर पालिका पीछे रह रही है
  • प्रतिदिन 150 के लक्ष्य में सिर्फ 2 अपडेट, जिले के दूसरे नगरीय निकायों का भी यही हाल
  • पीडीएस में ईकेवायसी अपडेटेशन में पंचायतों में लेटलतीफी हावी है।
  • जिन परिवारों की ई केवायसी अपडेट नहीं हुई है तो घर-घर जाकर अपडेट करें।

Shahdol News: सरकारी राशन दुकान से अनाज प्राप्त करने वाले जरूरतमंद हितग्राहियों का 30 अप्रैल तक ईकेवायसी अनिवार्य है। जिलेभर में 12 अप्रैल तक की स्थिति में 8 लाख 39 हजार 205 के लक्ष्य में 7 लाख 7 हजार 745 की ही ईकेवायसी के बाद एक लाख 31 हजार 460 हितग्राहियों का ईकेवायसी शेष है। इसके लिए प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिससे समय रहते ईकेवायसी हो जाए और जरूरतमंद परिवारों को राशन के लिए भटकना नहीं पड़े।

कलेक्टर ने 12 अप्रैल को बैठक बुलाकर 11 अप्रैल तक की स्थिति की समीक्षा की और एक दिन में होने वाले लक्ष्य की समीक्षा में पाया कि 11 अप्रैल को नगरीय निकायों में धनपुरी नगर पालिका का काम सबसे निराशाजनक रहा। इस निकाय को प्रतिदिन 150 ईकेवायसी का लक्ष्य दिया गया है, इसमें 11 अप्रैल को सिर्फ 2 ईकेवायसी ही अपडेट हुई। यहां 16 हजार 729 हितग्राहियों में 13 हजार 726 हितग्राहियों का ही ईकेवायसी अपडेट हुआ। शेष 3 हजार 3 अपडेटेशन के लिए प्रतिदिन 150 का लक्ष्य निर्धारित किया है।

11 अप्रैल को अन्य नगरीय निकायों का भी यही हाल रहा। शहडोल नगर पालिका में 242 प्रतिदिन के लक्ष्य में 45, नगर परिषद बकहो 54 के लक्ष्य में 4, ब्यौहारी 124 में 60, बुढ़ार 80 में 13, जयसिंहनगर 47 में 6 और नगर परिषद खांड़ में प्रतिदिन 65 ई केवायसी के लक्ष्य में महज 12 ईकेवायसी ही अपडेट हुई।

पंचायतों में भी लेटलतीफी

पीडीएस में ईकेवायसी अपडेटेशन में पंचायतों में लेटलतीफी हावी है। जनपद पंचायत ब्यौहारी में 1 लाख 69 हजार 158 के लक्ष्य में 1 लाख 41 हजार 344 ईकेवायसी हुई। 27 हजार 814 शेष में प्रतिदिन के लक्ष्य 1391 में 11 अप्रैल को 242 ही ईकेवायसी हुई।

इसी प्रकार जनपद पंचायत बुढ़ार में 1 लाख 65 हजार 555 के लक्ष्य में 1 लाख 40 हजार 29 अपडेटेशन के बाद शेष 25 हजार 526 में प्रतिदिन 1276 में 149, जनपद गोहपारू 96 हजार 692 में 84 हजार 926 और शेष 11 हजार 766 में प्रतिदिन 588 के लक्ष्य में 134, जनपद जयसिंहनगर 1 लाख 70 हजार 825 के लक्ष्य में 1 लाख 40 हजार 666 अपडेट के बाद शेष 30 हजार 159 में प्रतिदिन 1508 ईकेवायसी होनी चाहिए, जिसमें 354 हुई।

जनपद पंचायत सोहागपुर में 1 लाख 44 हजार 645 के लक्ष्य में अब तक 1 लाख 23 हजार 697 ईकेवायसी हुई। शेष 20 हजार 948 में प्रतिदिन 1047 के लक्ष्य में 11 अप्रैल को महज 256 ही अपडेटेशन हुआ।

घर-घर जाकर करें ईकेवायसी: कलेक्टर

कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने शनिवार को ईकेवायसी की समीक्षा कर लेटलतीफी पर संबधित अधिकारियों को अभियान चलाकर शेष बचे लोगों का ईकेवायसी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि ईकेवायसी न होने पर सदस्य खाद्यान्न से वंचित हो सकते हैं। ऐसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सभी सदस्यों की ई केवायसी जरूर करवाएं।

जिन परिवारों की ई केवायसी अपडेट नहीं हुई है तो घर-घर जाकर अपडेट करें। जिससे की 30 अप्रैल तक लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। जिन ग्रामों में मोबाईल कनेक्टिविटी नहीं है उनको नेटवर्क कवरेज में को बुलाकर उनकी ई-केवायसी करेंगे।

Created On :   14 April 2025 12:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story