- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस और...
Satna News: राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस और स्कॉर्पियो की भिड़ंत, 3 की मौत, 4 घायल

- प्रयागराज महाकुंभ से भोपाल लौट रहे थे पीड़ित
- प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल से सतना रेफर कर दिया गया।
- आरोपी चालक कुछ देर बाद ही मौके से बस लेकर भाग गया।
Satna News: मैहर थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बस और स्कॉर्पियो की सीधी भिड़ंत में 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए, जिनको प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल से सतना रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि भोपाल-देहात क्षेत्र के ग्राम फगुनिया-गुनगा निवासी तुलसीराम पुत्र पन्नालाल कुशवाहा 48 वर्ष, अपने बेटों रोहित कुशवाहा 22 वर्ष, शिवम कुशवाहा 24 वर्ष, बड़े भाई ओमप्रकाश कुशवाहा 60 वर्ष, डोलाराम कुशवाहा 50 वर्ष और उमेश सिंह कुशवाहा, के साथ स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 04 टीएस 5032 में सवार होकर महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे।
सभी लोग बुधवार रात को वापस जा रहे थे, तभी लगभग 3 बजे मैहर कोतवाली अंतर्गत एनएच-30 पर राम मंदिर के पास तेज रफ्तार बस और स्कॉर्पियो की भिड़ंत हो गई, जिसमें चार पहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, तो वहीं आरोपी चालक कुछ देर बाद ही मौके से बस लेकर भाग गया।
गंभीर यात्री लाए गए जिला चिकित्सालय
इस दुर्घटना तुलसीराम और उनके बेटे रोहित समेत उमेश कुशवाहा, ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 4 यात्री घायल हो गए, जिनको हाइवे एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद ओमप्रकाश, डोलाराम और शिवम को सतना रेफर कर दिया गया। गुरुवार सुबह मर्ग कायम कर मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
नरौरा हादसे में चौथी मौत, घायल महिला ने रीवा में दम तोड़ा
प्रयागराज से मुंबई लौट रहे परिवार की एसयूवी 19 फरवरी की दोपहर को मैहर थाना क्षेत्र में ही नरौरा के पास खड़े ट्रक से भिड़ गई थी। इस हादसे में मुम्बई के पलावा निवासी सुनील पुत्र गणेश उपाध्याय 62 वर्ष, उनकी पत्नी सरोजिता उपाध्याय 55 वर्ष और पुत्री स्नेहा उपाध्याय 24 वर्ष, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि पुत्र रोहन उपाध्याय 29 वर्ष और रिश्तेदार मीनाक्षी पति स्वर्गीय विनोद उपाध्याय 55 वर्ष, को गंभीर हालत में मैहर से रीवा रेफर कर दिया गया था।
गुरुवार सुबह संजय गांधी हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती मीनाक्षी की सांसें भी थम गईं, जिससे दुर्घटना में मरने वालों की संख्या में 3 से बढक़र 4 हो गई है। वहीं रोहन की हालत स्थिर बनी हुई है। फिलहाल महिला का शव मरचुरी में रखवाकर परिजनों का इंतजार किया जा रहा है।
Created On :   21 Feb 2025 12:55 PM IST