- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- औरंगजेब का वॉट्सएप स्टेटस रखने से...
Pune News: औरंगजेब का वॉट्सएप स्टेटस रखने से हुआ तनाव, 17 गिरफ्तार, 250 के खिलाफ केस दर्ज

- वॉट्सएप स्टेटस रखने से हुआ तनाव
- औरंगजेब का रखा था स्टेटस
Pune News. वॉट्सएप स्टेटस पर औरंगजेब का फोटो लगाने से वेल्हे तहसील के साखर गांव में दो समूहों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। रविवार सुबह जैसे ही यह खबर फैली एक समाज के कई युवक इकट्ठा हो गए। गुस्साए युवकों ने गांव के धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। दूसरे समुदाय के लोग भी जमा हो गए और प्रतिकार करने लगे। दोनों ओर से पत्थर चलने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधीक्षक पंकज देशमुख खुद मौके पर पहुंचे। रात होते-होते फिर से मामले ने फिर तूल पकड़ा। पुलिस ने 250 लोगों पर केस दर्ज कर 17 को गिरफ्तार कर लिया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
दो गुटों में पत्थरबाजी और गाली-गलौज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार औरंगजेब का स्टेटस रखने वाला युवक पुणे में रहता है। उसके माता-पिता साखर गांव में रहते हैं। स्टेटस के चलते रविवार सुबह गांव में एक समुदाय के लोग इकट्ठा हो गए और धार्मिक स्थल की दीवार ढहा दी। जैसे ही इसकी खबर दूसरे समुदाय के लोगों को मिली, तो वे भी इकट्ठा हो गए। दो गुटों में पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस वहां पहुंची और संबंधित लोगों को हिरासत में ले लिया। दोपहर तक स्थिति नियंत्रण में आ गई। शाम को पुलिस अधीक्षक पंकज देशमुख, अपर पुलिस निरीक्षक रमेश चोपडे़ घटनास्थल पर पहुंचे। रात होते-होते दोबारा से तनाव पैदा हो गया, जिसके बाद हालात को नियंत्रण में लाने के लिए गांव में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त करना पड़ा और राज्य रिजर्व पुलिस की टीम तैनात की गई है। रात में कुछ स्थानों पर नाकाबंदी भी की गई। तब जाकर हालात काबू में आए। गांव में उपविभागीय पुलिस अधिकारी और पुलिस डेरा डाले हुए हैं। सहायक पुलिस निरीक्षक नितिन खामगल ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है, सोमवार सुबह से सभी कामकाज सामान्य हो गए हैं।
Created On :   3 March 2025 9:31 PM IST