Pune News: इस मामले में आरोपी के थूक की होगी डीएनए जांच, 22 तक पुलिस हिरासत में भेजा

इस मामले में आरोपी के थूक की होगी डीएनए जांच, 22 तक पुलिस हिरासत में भेजा
  • आरोपी ने पीड़िता को धमकाया
  • 22 तक पुलिस हिरासत में भेजा

Pune News : बोपदेव घाट में हाल ही में हुए सामूहिक बलात्कार मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। मुख्य आरोपी अख्तर उर्फ शोएब बाबू शेख (27, मंतरवाड़ी, हडपसर) को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी के थूकने के साक्ष्य जुटाए थे, जिसे अब डीएनए जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके साथ ही आरोपी के रक्त, नाखून और बालों के नमूनों की भी जांच की जाएगी। पुलिस की मांग पर प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट ए.ए. कुलकर्णी ने आरोपी को 22 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।

3 अक्टूबर की रात को बोपदेव घाट पर अख्तर और उसके साथियों ने एक युवक को बांधकर उसकी महिला मित्र के साथ सामूहिक बलात्कार किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को धमकाने के लिए धारदार हथियार (कोयता) का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, आरोपी ने पीड़िता के गले से सोने का लॉकेट, चेन और चांदी की अंगूठी भी लूट ली थी। पुलिस अब आरोपी से वह हथियार और लूट का सामान बरामद करने की कोशिश कर रही है।

किसने दी पनाह और किन कपड़ों में था

अख्तर शेख घटना के बाद 12 से 13 दिनों तक फरार था और अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग जगहों पर रह रहा था। पुलिस अब जांच कर रही है कि उसे किसने पनाह दी और वह घटना के दौरान किन कपड़ों में था। इन कपड़ों को भी जांच के लिए जब्त किया है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अख्तर की डीएनए जांच और उसकी लैंगिक क्षमता की जांच (पोटेंसी टेस्ट) की मांग की है। सरकारी वकील आम्रपाली कस्तुरे ने आरोपी की अधिकतम पुलिस हिरासत की मांग करते हुए कहा कि आगे की जांच के लिए यह आवश्यक है। दूसरी ओर बचाव पक्ष के वकील राहुल लोणंदकर ने पुलिस हिरासत का विरोध करते हुए न्यायिक हिरासत की मांग की।

पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी अख्तर के साथ ही अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश कर रही है। इस जघन्य अपराध की जांच पुलिस उप आयुक्त निखिल पिंगले, सहायक पुलिस आयुक्त गणेश इंगले के निर्देशन में चल रही है, और यूनिट 5 के पुलिस निरीक्षक युवराज हांडे इस मामले की तफ्तीश कर रहे हैं।



Created On :   16 Oct 2024 3:34 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story