- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- राज्य को चाहिए फुलटाइम गृहमंत्री,...
Pune News: राज्य को चाहिए फुलटाइम गृहमंत्री, शिवाजी महाराज का अपमान करने वालों को सरकार दे रही सुरक्षा

- फडणवीस की औरंगजेब से तुलना वाले बयान पर कायम हूं
- राज्य को चाहिए फुलटाइम गृहमंत्री
Pune News. महाराष्ट्र का गृह विभाग जिस लचर व्यवस्था से चल रहा है, उससे लोग सवाल करने लगे हैं कि घासीराम कोतवाल इसे चला रहे हैं क्या? गृह विभाग के कामकाज को देखते हुए राज्य को पूर्णकालिक (फुलटाइम) सक्षम गृह मंत्री की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस वर्तमान में गृह विभाग पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ये आरोप कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के हैं। पुणे में मीडिया से बात करते हुए सपकाल ने सीएम फडणवीस को घेरा। उन्होंने कहा कि फडणवीस सरकार की योजना छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करने वालों के लिए है जिन्हें वे सुरक्षा प्रदान करते हैं। सपकाल ने आरोप लगाया महाराज का अपमान करने वाले प्रशांत कोरटकर को सुरक्षा दिए जाने के बावजूद वह भाग जाता है। उसके आईपीएस अधिकारियों और गृह मंत्री से करीबी संबंध थे। सपकाल ने कहा मुझे संदेह है कि उनके भागने के पीछे पुलिस का हाथ हो सकता है। सपकाल ने कहा महाराज का अपमान करने वाला राहुल सोलापुरकर पुणे में रहता है लेकिन पुणे के पुलिस आयुक्त का कहना है कि सोलापुरकर के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया जा सकता और उसे पुलिस सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
सपकाल ने कहा पूरे राज्य से लड़के-लड़कियां शिक्षा के लिए पुणे शहर में आते हैं लेकिन अब इस शहर में खुलेआम ड्रग्स बेची जा रही है। ये ड्रग्स गुजरात के कांडला बंदरगाह से आते हैं जिसे लेकर जांच नहीं की जाती है।
फडणवीस की औरंगजेब से तुलना वाले बयान पर कायम हूं
सपकाल ने कहा जब मैंने कहा कि औरंगजेब का शासन और फडणवीस का शासन एक जैसा था क्योंकि वह एक क्रूर व्यक्ति था, तो उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मांग की कि मैं मुख्यमंत्री से माफी मांगूं नहीं तो मेरे खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाएगा। सपकाल ने कहा मैं अभी भी अपने बयान पर कायम हूं। माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं है।
Created On : 23 March 2025 2:16 PM