60 लाख के गबन का इनामी आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क,सतना। चित्रकूट पुलिस ने 60 लाख के गबन के आरोप में तीन माह से फरार चल रहे 10 हजार के इनामी धर्मेन्द्र सिंह पुत्र भोला सिंह 32 वर्ष, निवासी खोह, थाना कर्वी-कोतवाली, जिला चित्रकूट को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। टीआई एचएल मिश्रा ने बताया कि जालसाजी के मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपियों को पूर्व में पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक के द्वारा 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ एएसआई राजेन्द्र वर्मा, प्रधान आरक्षक श्यामलाल, दिनेश लाल, कृष्णलोचन, आरक्षक विपिन सिंह, चंदन द्विवेदी, दीपक मिश्रा, संतोष राय, संतोष कुमार और साइबर सेल प्रभारी अजीत सिंह ने अहम भूमिका निभाई। उक्त प्रकरण में संजय अवस्थी नामक आरोपी अब भी फरार चल रहा है।
क्या है मामला
गौरतलब है कि महिन्द्रा फाइनेंस कंपनी की चित्रकूट ब्रांच के प्रबंधक विजय कुमार तिवारी ने 1 अक्टूबर 2022 को चित्रकूट थाने में लिखित शिकायत देते हुए आरोपी कंचन सिंह ने अपने सहयोगियों से मिलकर 7 लोगों के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर 7 चार पहिया वाहन फाइनेंस करवा लिए। आरोपियों के फर्जीवाड़े से कंपनी को 60 लाख का नुकसान उठाना पड़ा। आडिट के दौरान जालसाजी पकड़ में आने पर फाइनेंस कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस की मदद लेने का फैसला लिया। उक्त आवेदन की जांच के बाद आईपीसी की धारा 420, 467 और 468 की कायमी कर मुख्य आरोपी कंचन सिंह और उसके दो साथियों को अलग-अलग जगह से गिरफ्तार कर 7 चार पहिया वाहन जब्त कर लिए गए, मगर अन्य आरोपी फरार थे, जिनकी धर-पकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार का इनाम भी रखा। तीन माह से चल रही तलाश के बीच 12 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर आरोपी धर्मेन्द्र सिंह को यूपी से गिरफ्तार कर लिया गया।
Created On :   13 Jan 2023 1:24 PM IST