- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर में रुक-रुक कर हुई झमाझम...
नागपुर में रुक-रुक कर हुई झमाझम बारिश, पारा गिरा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दक्षिण में एंटी साइक्लोन बनने के कारण बंगाल की खाड़ी से नागपुर के साथ ही विदर्भ में लगातार नमी आने का सिलसिला चल रहा है। इसका असर गुरुवार को नागपुर सहित विदर्भ के कुछ हिस्सों में देखने को मिला। नागपुर में गुरुवार को सुबह से ही झमाझम बारिश होने लगी। बारिश के चलते मौसम में ठंडक घुल गई। वहीं, आसमान में बादलों का जमावड़ा होने के कारण सूर्य देव की लुक्का-छुप्पी आरंभ हो गई। बारिश के चलते गुरुवार को न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को नागपुर में 7.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और शुक्रवार को एक बार फिर बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की कमी होने से 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने से 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने पहले ही जाहिर कर दी थी हालांकि कम समय के लिए होने के कारण उस पर बहुत अधिक प्रभाव देखने को नहीं मिला। गुरुवार को सुबह 8.30 बजे के पहले 5.7 मिमी बारिश दर्ज की गई जबकि 8.30 बजे के बाद 2.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। गुरुवार के बाद शुक्रवार 7 फरवरी को नागपुर सहित भंडारा, चंद्रपुर, गड़चिरोली, गोंदिया के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
दोपहर में भी बारिश
गुरुवार को सुबह-सुबह से ही अचानक बारिश होने लगी। बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया। सुबह-सुबह घर से दफ्तर निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़े पहनकर निकलना पड़ा। संतरानगरीवासी एक बार फिर दिन में गर्म कपड़ों में दिखाई देने लगे। विगत दिवस तापमान अधिक होने के कारण मौसम में गर्मी महसूस हो रही थी लेकिन एक बार फिर हुई अचानक बारिश ने मौसम को सुहाना कर दिया।
Created On :   6 Feb 2020 2:33 PM IST