- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- धोखाधड़ी के मामले : प्लॉट बेचने में...
धोखाधड़ी के मामले : प्लॉट बेचने में फर्जीवाड़ा, महिला के साथ 3.21 लाख की धोखाधड़ी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ शनिवार को वाठोड़ा थाने में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया। आरोप है कि, दुय्यम निबंधक के सामने किसी और महिला को खड़ा कर व्यक्ति का प्लॉट धोखे से बेच दिया गया। आरोपियों में अशोक रामचंद्र वांढरे, पुष्पलता भानुदास लारोकर, दीपक दगडुजी गजभिये और वेणुधर दत्तूराम बुरड़कर है। पीड़ित किसान ज्ञानेश्वर गणपत मगर (58), नागपुर जिले के राजोली गांव का निवासी है। वर्ष 2007 में ज्ञानेश्वर ने खरबी में प्लॉट खरीदी था। वह प्लॉट एक महिला का था। प्लॉट की पूरी रकम उसने महिला को दी, लेकिन किसी कारण प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं हो रही थी। महिला ने प्लॉट की पॉवर ऑफ अटर्नी भी किसान ज्ञानेश्वर के नाम कर दी थी। इस बीच आरोपियों ने साजिश कर उक्त महिला के नाम पर पुष्पलता को दुय्यम निबंधक के सामने खड़ा किया और 3 जुलाई 2018 को प्लॉट की रजिस्ट्री अशोक मांढरे के नाम कर ली। घटना उजागर होने से शनिवार को आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
महिला के साथ 3.21 लाख की धोखाधड़ी, प्लॉट विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज
उधर जरीपटका क्षेत्र में एक महिला के साथ प्लॉट विक्रेता ने धोखाधड़ी की। महिला का आरोप है कि, आरोपी प्लॉट विक्रेता यडप्पार कोचाप्पु जास (65) ने उससे 3 लाख 21 हजार रुपए लेने के बाद उसे प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं दी। जिस प्लॉट का सौदा किया था, वह प्लॉट किसी और को बेच दिया। महिला की शिकायत पर जरीपटका थाने आरेापी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता स्वागत नगर निवासी शबरीना रिजर्ड कुलथे (47) है। शबरीना ने सितंबर 2019 से 14 मई 2021 के बीच मार्टिन नगर निवासी यडप्पार कोचाप्पु जास (65) के साथ प्लॉट खरीदने का करारनामा किया था। महिला ने आरोपी को नगद व चेक द्वारा करीब 3,21,000 रुपए दिए। आरोपी ने पैसे लेने के बाद भी महिला को रजिस्ट्री नहीं दे रहा था। पैसे वापस मांगने पर टालमटोल जबाब दे रहा था। इस बीच पीड़िता को पता चला कि, आरोपी ने प्लॉट किसी और को बेच दिया है। महिला पुलिस की शरण में पहुंची।
झांसा देने वाली तीन घटनाएं- किसी ने ऑनलाइन धोखाधड़ी की, तो किसी ने ठगी
ऑनलाइन ठगी का एक व्यक्ति शिकार हो गया। उसे फाइनेंस कराने का झांसा देकर ठग लिया गया। शनिवार काे अजनी थाने में गिरोह की महिला सहित चार सदस्यों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। पीड़ित जोगी नगर निवासी देवानंद शेंडे नामक व्यक्ति है। आरोपी विकास जैन, दीपक चव्हाण, पूजा और संजीव कुमार नामक व्यक्ति है। दर्ज शिकायत के अनुसार 3 मार्च 2021 को देवानंद को आरोपियों का फोन आया। उसे बताया गया कि, वह बजाज फाइनेंस कंपनी के मुंबई स्थित ब्रांच से बोल रहे हैं। ऑनलाइन फाइनेंस के बारे में आरोपियों ने देवानंद से बातचीत की। चूंकि, देवानंद को पैसों की जरूरत थी। उसने बातचीत में अपनी इस जरूरत को दर्शाया तो 8 लाख रुपए फाइनेंस करने की बात तय हुई। इसके बदले में आरोपियों ने कुछ शुल्क बताए। पश्चात झांसे में आए देवानंद ने आरोपियों ने बताए बैंक खाते में 98 हजार रुपए जमा कर दिए। पश्चात आरोपी अलग-अलग शुल्क बताकर रुपयों मांग करने लगे। लगातार मांगे जा रहे शुल्क देवानंद को संदेह होने पर उसने पड़ताल की, तो पता चला कि उसके धोखाधड़ी हुई है। मामला थाने पहुंचा। प्रकरण दर्ज िकया गया। अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस का दावा है कि, उनके पास सक्षम साइबर थाना और अधिकारी है। जांच जारी है।
Created On :   16 May 2021 4:55 PM IST