- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- राशन दुकानदारों में कोरोना की दहशत,...
राशन दुकानदारों में कोरोना की दहशत, दिल्ली में अंगूठा लगाना बंद तो यहां क्यो नहीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर। संक्रामक बीमारी कोरोना से राशन दुकानदार भी घबराए हुए है। बायोमेट्रीक मशीन पर अंगूठा लगाने के बाद ही सरकारी अनाज वितरित किया जाता है। एक दिन में कई बार लोगों के अंगूठे लेने पड़ते है और इस वजह से कोरोना बीमारी होने का डर राशन दुकानदारों को सता रहा है। दिल्ली सरकार ने कुछ दिनों के लिए मशीन पर अंगूठा लगाना बंद किया है। दिल्ली की तर्ज पर नागपुर समेत महाराष्ट्र में कुछ दिनों के लिए मशीन पर अंगूठा लगाने की प्रक्रिया बंद रखने की गुहार खाद्यान्न विभाग से की गई है। यहां 650 से ज्यादा राशन दुकानें है। इतनी ही राशन दुकानें ग्रामीण क्षेत्र में है। फिलहाल कोरोना की दहशत फैली हुई है। अनाज लेने पहुंच रहे लोगों के अंगूठे बायोमेट्रीक (पॉस) मशीन पर लगाने का काम दुकानदार को करना पड़ता है। एक ही मशीन पर कई बार अलग-अलग लोगों के अंगूठे लगाने से वायरस फैलने का डर दुकानदारों को सता रहा है। मशीन पर अंगूठा लगाने की बजाय रजिस्टर में संबंधित व्यक्ति का नाम व हस्ताक्षर लेने की अनुमति मांगी है।
शासन, प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया
सुभाष मुसले, अध्यक्ष, स्वस्त राशन दुकानदार संघ के मुताबिक बायोमेट्रीक मशीन पर अंगूठा लगाने का काम कुछ दिनों तक बंद रखने की सूचना पर शासन व प्रशासन की तरफ से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई है। दुकानदारों की चिंता से प्रशासन को अवगत किया गया है। दिल्ली सरकार की तर्ज पर यहां राशन दुकानों में मशीन पर कुछ अंगूठा लगाने का काम रोकने की गुहार लगाई गई है। चंद घंटे में सैकडों लोगों के अंगूठे मशीन पर लगाने पड़ते है और इस दौरान बार-बार हाथ धोना संभव नहीं है।
केंद्रीय कार्यालयों में अंगूठा लगाना बंद
कोरोना बीमारी की दहशत के चलते केंद्रीय कार्यालयों में बायोमेट्रीक मशीन पर अंगूठा लगाने से कर्मचारियों को छूट दी गई है। 31 मार्च तक यह छूट दी गई है। मशीन पर बार-बार कई लोगों का अंगूठा लगने पर वायरस फैलने का खतरा रहता है। सतर्कता के तौर पर केंद्र सरकार ने अंगूठा नहीं लगाने का सर्कुलर जारी किया है।
Created On :   9 March 2020 8:40 PM IST