- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- उनींदी आंखों को रात भर सताता रहा आग...
Nagpur News: उनींदी आंखों को रात भर सताता रहा आग भड़कने का डर, जलन और घुटन वो अलग...

- भांडेवाड़ी कचरा डंपिंग यार्ड में आग से लोगों में दहशत
- आंखों में जलन और घुटन की समस्या
Nagpur News. रितु वासनिक | शहर के भांडेवाड़ी कचरा डंपिंग यार्ड में शनिवार को अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। दिन भर कचरा जलता रहा और वहां से जहरीली गैस व धुआं निकलता रहा। इससे आसपास के रिहायशी इलाकों में हड़कंप मच गया। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने में जुट गईं। हालांकि, आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका और रविवार को भी डंपिंग यार्ड से आग की लपटें निकलती रहीं। आग के चलते अबूमिया नगर, सूरज नगर, अंतुजी नगर, तुलसी नगर, पवनशक्ति नगर व संघर्ष नगर के नागरिक सबसे ज्यादा प्रभावित हुए।
रविवार को हवा के रुख के कारण यह धुआं पवनशक्ति नगर और संघर्ष नगर में फैल गया। जिससे इन क्षेत्रों के नागरिक भी धुएं से परेशान दिखे। कई नागरिक दिनभर घरों की खिड़कियाँ और दरवाज़े बंद किए बैठे रहे। वहीं, माता-पिता ने बच्चों को बाहर खेलने से रोक दिया।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि जहरीले धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और घुटन जैसी समस्याएं सामने आईं। सबसे ज्यादा प्रभाव आसपास के रिहायशी इलाकों पर पड़ा, जहां लोग अपने ही घरों में असुरक्षित महसूस करने लगे। कई परिवारों को रातभर नींद नहीं आई और वे आग के फिर से भड़क उठने की आशंका में जागते रहे।
घरों की खिड़कियां और दरवाज़े बंद करने के बावजूद जहरीली हवा अंदर घुसती रही, जिससे बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों की हालत और भी बिगड़ती गई। भयावह दृश्य देख कई महिलाएं और बच्चे रोते दिखे। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस दल मौके पर पहुंच गया। कुछ नागरिकों को उदयनगर स्कूल भी भिजवाया गया। पुलिस का रविवार को भी क्षेत्र में तगड़ा बंदोबस्त था, जिससे नागरिकों को आपातकालीन परिस्थिति में राहत मिलने का आश्वासन मिला।
Created On :   21 April 2025 7:38 PM IST