- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था,...
धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था, अचानक हुई बूंदाबांदी से खुले में रखा धान भींगा

डिजिटल डेस्क,शहडोल। मौसम में आए अचानक बदलाव के बाद सोमवार को हुई बूंदाबांदी के दौरान जिले के धान खरीदी केंद्रों में धान के उचित इंतजाम का अभाव दिखा। बूंदाबांदी के बाद खुले में रखे धान के भींगने का खतरा अचानक बढ़ गया। मौसम विभाग की पूर्व सूचना के बाद भी धान खरीदी केंद्रों में उचित इंतजाम नहीं किया गया। बतादें कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिलेभर में 51 उपार्जन केंद्र संचालित हैं। यहां 28 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ हुई है जो 16 जनवरी तक चलेगी। धान का समर्थन मूल्य 2040 रुपये प्रति क्विंटल है।
गिरदावरी में पटवारी ने धान के बदले चढ़ाया मक्का, रुकेगी दो वेतनवृद्धि
धान खरीदी केंद्रों के निरीक्षण पर पहुंचे अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा को ग्राम घोंघरी से धान लेकर आए किसान आशीष साहू ने बताया कि ग्राम घोंघरी के पटवारी राजेश तिवारी ने गिरदावरी में गड़बड़ी करके धान के बदले मक्का चढ़ा दिया है। इससे बिक्री में परेशानी हो रही है। इस पर अपर कलेक्टर ने जैतपुर तहसीलदार को जांच के निर्देश देते हुए पटवारी राजेश तिवारी का दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बारिश से धान भींगने मामले में तिरपाल लगाकर सुरक्षित रखने के साथ ही समिति प्रबंधक को तिरपाल की व्यवस्था करने एवं मौसम खराब होने पर धान को पूर्व से ही ढंकवाने की बात कही।
आपूर्ति अधिकारी धान परिवहन से अनजान, कलेक्टर ने कहा कार्यप्रणाली में करें सुधार
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में जिला आपूर्ति अधिकारी विपिन पटेल द्वारा परिवहन की जानकारी नहीं दे पाने पर कलेक्टर ने फटकार लगाई। कहा कि कार्यप्रणाली पर सुधार लाएं। किसानों से धान खरीदी के बाद परिवहन में गति लाने के निर्देश दिए।
Created On :   13 Dec 2022 2:49 PM IST