भाजपा विधायक पर गंभीर आरोपों का ऑडियो वायरल, हाईकमान ने मांगा जवाब

डिजिटल डेस्क, रीवा। भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी द्वारा अपनी ही पार्टी के विधायक पर गंभीर आरोप लगाए जाने पर पार्टी की की गुटबाजी एक ऑडियो के माध्यम से सामने आई है। इस ऑडियो में अपनी ही पार्टी के विधायक पर जिले के एक पदाधिकारी ने गंभीर आरोप लगाए है। उधर, इस ऑडियो की जानकारी भोपाल पहुंचने पर हाईकमान ने स्पष्टीकरण मांगा है। मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल की गतिविधियों पर उंगलियां उठाने वाला यह ऑडियो भाजपा के जिला मंत्री सत्यमणि पाण्डेय का बताया जा रहा है।
यह ऑडियो जिला मंत्री सत्यमणि पाण्डेय एवं पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ल के बीच हुई बातचीत का है। इस ऑडियो में पूर्व मंत्री को यह बताया जा रहा है कि मऊगंज विधायक किस तरह काम कर रहे हैं। विधायक के धरने और परिवहन चेक पोस्ट पर जांच को लेकर यह बताया जा रहा है कि यह सब पैसे के लिए हो रहा है। इतना ही नहीं इस ऑडियो में विधायक पर चारित्रिक आरोप भी लगाए जाने का उल्लेख है। गौरतलब है कि भाजपा के जिला मंत्री सत्यमणि पाण्डेय भी मऊगंज क्षेत्र के है। इस ऑडियो में कितनी सच्चाई है, यह जांच का विषय है। इस ऑडियों को लेकर जिला मंत्री सत्यमणि पाण्डेय एवं विधायक प्रदीप पटेल से चर्चा का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।
सात दिन में स्पष्टीकरण दो
भाजपा प्रदेश कार्यालय से इस ऑडियों को लेकर पत्र जारी कर दिया गया है। प्रदेश कार्यालय मंत्री सत्येन्द्र भूषण सिंह ने जिला मंत्री सत्यमणि पाण्डेय को पत्र लिखा है कि मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का आडियो वायरल हुआ है। इस ऑडियो से विधायक के साथ पार्टी की छवि धूमिल हुई है। यह आचरण अनुशासनहीनता की परिधि में आता है। पत्र प्राप्ति के 7 दिवस के अंदर प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के समक्ष स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जाए। ऐसा न होने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
Created On :   8 Aug 2019 5:19 PM IST