- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- बंगाल के बाद अब तमिलनाडु से जुड़े...
बंगाल के बाद अब तमिलनाडु से जुड़े नकली नोटों के तार, आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आम तौर पर महानगर में नकली नोटों की सप्लाई के तार से जुड़े मामवे पश्चिम बंगाल से जुड़े होते थे लेकिन पिछले कुछ मामलों ने मुंबई पुलिस को हैरान कर दिया है। क्योंकि इस बार पकड़े जाने वाले ज्यादातर आरोपी तमिलनाडु और केरल जैसे दक्षिण भारतीय राज्यों के हैं। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने नकली नोट छापकर महानगर में पहुंचाने वाले एक और आरोपी को तमिलनाडु स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से पुलिस ने साढ़े सात लाख रुपए से ज्यादा के नकली नोट बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी का नाम सर्वनन वनियार (45) है। वनियार को सहायक पुलिस निरीक्षक राजेश पाटील की अगुआई में अपराध शाखा की टीम ने थिरुपुथूर जिले के अध्यानुर से गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान वनियार के घर से 500 रुपए के 1476, 200 रुपए के 85 नकली नोट बरामद किए गए। बरामद नोटों की कीमत 7 लाख 55 हजार रुपए है। इसके अलावा नकली नोट बनाने के लिए इस्तेमाल स्कैनर कम प्रिंटर, पेपर कटर, कैंची, हरे रंग का प्लास्टिक रोल जैसे सामान भी छापेमारी के दौरान बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी असली नोटों के प्रिंटआउट लेता था। इसके बाद हरे रंग के प्लास्टिक के टुकड़े प्रिंटआउट पर चिपकाकर सिक्योरिटी थ्रेड तैयार कर लेता था।
पुलिस को वनियार का सुराग इसी साल 3 मार्च को एंटॉप हिल इलाके में भास्कर नाडर नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था। नाडर के पास से पुलिस ने 1 लाख 28 हजार 600 रुपए के नकली नोट बरामद किए थे। पूछताछ में नाडर ने बताया था कि वह अदालत में अपने खिलाफ चल रहे एक मामले की सुनवाई के लिए तमिलनाडु से आया था और उसे यह नोट वनियार ने किसी को देने के लिए दिए थे। इसके बाद पुलिस ने तमिलनाडु में बैठे आरोपी पर शिकंजा कसा। कुछ दिनों पहले ही अपराध शाखा की ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 3 लाख रुपए बरामद किए थे। इस गिरोह के तार भी तमिलनाडु से जुड़े थे। इसलिए पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या दोनों गिरोह एक दूसरे से जुड़े हैं। इसके अलावा बीते एक महीने में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से भी पुलिस ने करीब 24 लाख रुपए के नकली नोट पकड़े हैं।
Created On :   9 March 2020 7:44 PM IST