- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 580 स्थानों पर होलिका दहन, ...
580 स्थानों पर होलिका दहन, बंदोबस्त में 2500 अधिकारी-कर्मचारी तैनात

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर पुलिस आयुक्त डॉ. भूषणकुमार उपाध्याय और सहपुलिस आयुक्त रविंद्र कदम ने होली में हुड़दंगियों पर नजर रखने और कानून व सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त तैयार किया है। शहर में करीब 2500 पुलिस अधिकारियों- कर्मचारियों को होली बंदोबस्त में तैनात किया गया। सोमवार को यह सभी मोर्चा संभाल लेंगे। हुड़दंग करने वालों को जेल भेजने का सख्त आदेश पुलिस आयुक्त ने दिया है।
शांतिपूर्वक होली का आनंद लेने की अपील
शहर में 580 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। शहर में 9 और 10 मार्च को पुलिस बंदोबस्त रहेगा। पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से शांतिपूर्वक होली का आनंद लेने की अपील की है। पुलिस आयुक्त और सहपुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में शहर में 5 पुलिस उपायुक्त, 8 सहायक पुलिस आयुक्त, 38 पुलिस निरीक्षक, 203 सहायक पुलिस निरीक्षक- पुलिस उप निरीक्षक, 2023 पुरूष पुलिस कर्मचारी व 292 महिला पुलिस कर्मचारियों को होली बंदोबस्त में तैनात किया गया है।
शातिर अपराधियों पर क्राइम ब्रांच की नजर
इस दौरान पुलिस ने कई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। कुछ पुराने अपराधियों की धर-पकड़ कर उन्हें जेल रवाना कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. नीलेश भरणे के मार्गदर्शन में शातिर अपराधियों पर क्राइम ब्रांच की टीम नजर रख रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। यातायात बाधित न हो इसके लिए ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह से तैयार है। शहर के सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष नजर रखने का आदेश दिया जा चुका है।
Created On :   9 March 2020 11:24 AM IST