परेशानी...: इंजन में खराबी, विमान की नागपुर विमानतल पर इमरजेंसी लैंडिंग

इंजन में खराबी, विमान की नागपुर विमानतल पर इमरजेंसी लैंडिंग
  • 181 यात्री 9 घंटे तक एयरपोर्ट पर रुके रहे
  • दूसरे विमान से करना पड़ा रवाना
  • यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विमान के इंजन में खराबी आने के कारण यूएस-बांगला एयरलाइंस की उड़ान संख्या बीएस-343 की नागपुर एयरपोर्ट पर सुबह करीब 10.30 बजे इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार 181 यात्रियों को 9 घंटे तक विमानतल पर इंतजार करना पड़ा। विमान की आई खराबी ठीक नहीं होने पर एक अन्य विमान से शाम 7.45 बजे यात्रियों को रवाना किया गया। बांगलादेश स्थित चटगांव एयरपोर्ट से यूएस-बांगला एयरलाइंस के विमान ने निर्धारित समय पर सुबह 8.30 बजे दुबई के लिए उड़ान भरी। इसे निर्धारित समय के अनुसार सुबह 11.30 बजे दुबई एयरपोर्ट पर उतरना था।

एटीसी से मांगी इजाजत : यात्रा के दौरान पायलट को विमान के इंजन में खराबी दिखाई दी। उसने नागपुर एयरपोर्ट के एटीसी से इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी। लैंडिंग की इजाजत मिलने के बाद विमान को सावधानीपूर्वक नागपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। इस विमान में 175 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स मिलाकर कुल 181 लोग सवार थे। यात्रियों को एयरपोर्ट पर स्थित लॉबी में बिठाया गया। उनके खाने-पीने की व्यवस्था की गई। विमान के इंजन को सुधारने में लग रही देरी के चलते एयरलाइंस ने यात्रियों को ले जाने के लिए दूसरा विमान बुलाया। बताया जा रहा है कि अपराह्न 4.30 बजे दूसरा विमान आया, जिसने शाम 7.45 बजे उड़ान भरी। जिससे सुबह 11.30 बजे दुबई पहुंचने वाले यात्रियों को 9 घंटे तक नागपुर में इंतजार करना पड़ा। घटना को लेकर यात्रियों में रोष देखा गया।

उमस ने किया परेशान : गुरुवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। बादलों के साए के बीच उमस बनी रही। कई बार बारिश का मौसम बना, लेकिन बारिश नहीं हुई। दिनभर नागपुरवासी उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। नागपुर का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा।

23 जून को हो सकती है एंट्री : मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवात बनने की संभावना है। इसे देखते हुए 23 जून को बारिश हो सकती है। 23 जून की बारिश के साथ ही नागपुर में मानसून की एंट्री होने की संभावना है। शुक्रवार को तेज हवा व गरज के साथ बारिश हो सकती है। आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान में कमी आ सकती हैै आैर उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

Created On :   21 Jun 2024 10:55 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story