- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- दो पुलिसकर्मी खुद कर रहे थे चेन...
क्राइम: दो पुलिसकर्मी खुद कर रहे थे चेन स्नैचिंग, पूछताछ के लिए बुलाने पर हुए गायब

- प्रेमी युगल से लूटपाट करने वाले दोनों पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज
- विभाग की छवि को किया धूमिल
- पूछताछ के लिए बुलाने पर गायब
डिजिटल डेस्क, नागपुर. वाठोडा क्षेत्र में आउटर रिंग रोड पर अंधेरे में कार खड़ी कर एक युवक, विवाहित महिला के साथ अशोभनीय हरकतें कर रहा था। इस दौरान कलमना थाने में कार्यरत दो विवादित पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ा। पैसे की मांग करने लगे। इसके बाद उस युवक के गले से दोनों पुलिसकर्मियों में से एक ने तीन तोले की सोने की चेन छीन ली और दोनों फरार हो गए। मामला वाठोडा थाने पहुंचा तो दोनों पुलिसकर्मियों की करतूत सामने आ गई। दोनों पुलिसकर्मियों पर वाठोडा थाने में युवक की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। दोनों की पहचान कलमना थाने के सिपाही पंकज यादव व संदीप यादव के रूप में हुई है। दोनों पहले भी विवादों में रहे हैं। चर्चा है कि इन्होंने कलमना क्षेत्र में एक सट्टा अड्डे से अवैध वसूली की थी। भनक लगने पर कलमना के वरिष्ठ अधिकारियों ने दाेनों को डीबी स्क्वॉड से हटा दिया था। वर्तमान में दोनों जनरल ड्यूटी कर रहे थे। चर्चा है कि पूछताछ के लिए जब वाठोड़ा थाने में बुलाया गया, तो दोनों गायब हो गए। थाने में अपना पक्ष भी रखने नहीं गए।
महिला से मंगलसूत्र मांगने लगे : पुलिस सूत्रों के अनुसार, गणेशपेठ स्थित गोदरेज आनंदम इमारत में रहने वाला एक युवक गत 13 अप्रैल को एक विवाहित महिला को कार में लेकर गया। दोनों वाठोडा पुलिस क्षेत्र में आउटर रिंग रोड पर एफएलडी होटल के पास कार में लाइट बंद कर कुछ अशोभनीय हरकतें कर रहे थे। इस दौरान कलमना थाने का पुलिसकर्मी पंकज यादव आैर संदीप यादव वहां पहुंच गए। इनके बारे में चर्चा है कि यह ऐसे ही प्रेमी युगल की तलाश में रहते हैं। यह ऐसे युगलों से अवैध वसूली करने का काम करते हैं। जब इन दोनों को अलीशान कार में एक विवाहित महिला के साथ युवक दिखा तब दोनों को बाहर निकलने के लिए कहा।
दोनों को धमकाया : युवक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करने की धमकी महिला को देने लगे। महिला से कहा कि तुम्हारे परिवार को थाने में बुलाकर बदनाम कर देंगे। महिला घबरा गई। दोनों पुलिसकर्मियों से छोड़ने की गुजारिश करने लगे। आदतन पंकज आैर संदीप पैसे की मांग करने लगे। उस दौरान उनके पास पैसे नहीं थे। इस पर दोनों ने महिला के मंगलसूत्र की मांग की। इसके बाद युवक के गले से सोने की चेन मांगी। गहने नहीं देने पर दोनों ने बदनाम करने और पुलिस थाने में दोनों के परिवार को बुलाने की बात करने लगे। इसके बाद आरोप है कि पंकज और संदीप ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। युवक ने महिला को उसके घर के पास ले जाकर छोड़ा। इसके बाद वाठोडा पुलिस थाने में जाकर शिकायत की। पुलिस ने तकनीक पद्धति से छानबीन कर पुलिसकर्मी पंकज यादव आैर संदीप यादव पर मामला दर्ज किया है।
Created On :   22 April 2024 8:08 PM IST