मौसम: मानसून रूठा : अब 17 तक नागपुर पहुंचने की मौसम विभाग ने उम्मीद जताई

मानसून रूठा :  अब 17 तक नागपुर पहुंचने की मौसम विभाग ने उम्मीद जताई
  • अभी बुआई की तो किसानों काे हो सकता है नुकसान
  • बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र नहीं बनने मौसम बदला
  • बारिश होने के बाद बुआई करने का आह्वान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मानसून के नागपुर पहुंचने में विलंब हो रहा है। अब 17 जून तक मानसून के नागपुर पहुंचने की उम्मीद है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र नहीं बनने से यह देरी हो रही है। संकट में घिरे नागपुर के किसानों को बुआई के लिए इंतजार करना होगा। अगर अभी बुआई की तो नुकसान हो सकता है। 17-18 जून काे मानसून की दस्तक बहुत ज्यादा धमाकेदार नहीं होगी। मध्यम बारिश के साथ मानसून की एंट्री होने की संभावना है।

अभी कम दबाव का क्षेत्र नहीं बना है : मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में अभी कोई सिस्टम नहीं बना है। यानी कम दबाव का क्षेत्र नहीं बना है। इसी कारण मानसून नागपुर के अलावा भंडारा, गोंदिया व वर्धा तक नहीं पहंुच सका है। हालांकि चंद्रपुर व अमरावती में मानसून पहुंच चुका है। 15 डिग्री में ‘शियर जोन’ बनने व दक्षिण भारत के मौसम का असर चंद्रपुर व अमरावती तक हुआ है। फिलहाल पश्चिमी हवा चल रही है। हवा की दिशा भी परिवर्तित होना जरूरी है। मानसून की दस्तक के बाद हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिम होने की संभावना है। पहले 15 जून तक मानसून आने की संभावना थी, लेकिन अब 17-18 तक नागपुर में मध्यम बारिश के साथ मानसून की एंट्री होने की उम्मीद है। बारिश होने के बाद बुआई करने का आह्वान किया गया है।

बारिश के आसार नहीं : बंगाल की खाड़ी में सिस्टम नहीं बनने से मानसून में देरी हो रही है। 17 जून को मानसून नागपुर पहुंच सकता है। भारी बारिश की संभावना नहीं है। मध्यम बारिश के साथ मानसून की एंट्री होगी। बुआई के लिए किसानों को अभी जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। दो-तीन बार बारिश होने के बाद ही बुआई करनी चाहिए। -एम. एल. साहू, मौसम विशेषज्ञ

उमस भरी गर्मी से नहीं छुटकारा : नागपुर वासियों को उमस भरी गर्मी से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। मानसून में हो रही देरी के कारण तापमान बढ़ा हुआ है। गुरुवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल पश्चिमी हवा चल रही हैै। अगले कुछ दिनों तक उमस भरी गर्मी बने रहने की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक रहा। शुक्रवार को तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन बंूदाबांदी के बाद गर्मी और ज्यादा महसूस हो सकती है।


Created On :   14 Jun 2024 9:37 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story