एहतियात: नागपुर शहर में पेड़ों को काटने वाली टोली सक्रिय, सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी

नागपुर शहर में पेड़ों को काटने वाली टोली सक्रिय, सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी
पूर्व पार्षद ने मनपा की अतिरिक्त आयुक्त से की चर्चा

डिजिटल डेस्क, नागपुर । शहर में आएदिन पेड़ों की अवैध कटाई के मामले सामने आ रहे हैं। इससे माना जा रहा है कि शहर में पेड़ों को काटने वाली टोली सक्रिय हो गई है। इसे लेकर पूर्व नगरसेवक मनोज गावंडे व कांग्रेस पर्यावरण विभाग के अध्यक्ष मनीष चांदेकर ने मनपा की अतिरिक्त आयुक्त आंचल गोयल से मुलाकात कर इसपर चर्चा की। उन्होंने बताया कि पेड़ काटने वालों की टोली शहर में गली गली घूमती है और लोगों को पेड़ काटने के लिए प्रेरित करती है। अवैध रूप से पेड़ कटाई करते है। यह टोली पेड़ छाटने के नाम पर उगाही भी करते है। उद्यान विभाग प्रमुख को भी इससे अवगत कराया गया। पेड़ काटने की जानकारी मिलने पर संबंधित पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज किया जाएगा। इस अवसर पर राजू कांबले, सुशील वहाने, प्रशांत टेंभुर्णे, विक्की वर्मा, अशोक रेड्डी, रोशन तितरमारे आदि उपस्थित थे।

गंदगी के 85 मामले हुए दर्ज , 97 हजार रुपए जुर्माना वसूला : मनपा के उपद्रव शोध पथक ने सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालने और प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग इस्तेमाल करने पर शुक्रवार को 85 मामले दर्ज कर 97 हजार 300 रुपए जुर्माना वसूल किया। शहर को स्वच्छ रखने हाथगाड़ी, स्टॉल्स, पानठेले, फेरीवालों के 17 मामले में 6,800 रुपए, रास्तों पर, फुटपाथ पर और खुली जगह पर कचरा डालने के 7 मामलों में 700 रुपए, दुकानदाराें द्वारा रास्ते पर, फुटपाथ पर कचरा डालने के 3 मामलों में 1200 रुपए जुर्माना वसूल किया गया। इसके अलावा लॉजिंग बोर्डिंग और हाेटल द्वारा गंदगी फैलाने के एक मामले में 2 हजार रुपए और रास्ते पर कमान, स्टेज और मंडप लगाने के 9 मामलों में 12 हजार रुपए सहित अन्य मामलों में जुर्माना वसूल किया गया। इसी प्रकार बॉयोमेडीकल वेस्ट को सामान्य कचरे में मिलाने के 2 प्रकरणों में 60 हजार रुपए सहित अन्य मामलों में जुर्माना वसूल किया। कार्रवाई उपद्रव शोध पथक प्रमुख वीरसेन तांबे के नेतृत्व में की गई।

प्लास्टिक सहित 6 मामलों में 90 हजार जुर्माना वसूला : उपद्रव शोध पथक ने प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग इस्तेमाल पर सतरंजीपुरा जोन में अनाज बाजार के योगेश किराना शॉप पर 5 हजार रुपए जुर्माना लगाया। इसी प्रकार धरमपेठ जोन अंतर्गत स्वरनिमा खरे, काच्चीपुरा रामदासपेठ, धंतोली जोन अंतर्गत आर्या साईं बिल्डकॉन, नवीन जानकी नगर, बालाजी नगर द्वारा रास्ते पर निर्माणकार्य सामग्री डालने पर प्रत्येक से 10-10 हजार रुपए, हनुमान नगर जोन अंतर्गत ओरल मैक्सी फोरल डेंटल क्लिनिक, बेसा पावर हाउस, महाकाली, हुड़केश्वर और गांधीबाग जोन अंतर्गत मेट्रोपोलिक हेल्थ केयर, संदेश दवा बाजार, सीए रोड द्वारा मेडिकल बायोवेस्ट रास्ते पर डालने को लेकर दोनों प्रतिष्ठानों से 60 हजार रुपए सहित 6 मामलों में 90 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया गया।

Created On :   13 July 2024 12:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story